बाबरी विध्वंस पर यासूब अब्बास का बड़ा बयान: बोले- उस दिन पूरा देश रो रहा था, चंद लोग ही हंस रहे थे, अखिलेश के अयोध्या दौरे पर भी रखी बेबाक राय

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी पहुँचे ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के जनरल सेक्रेटरी एवं प्रवक्ता यासूब अब्बास ने बाबरी मस्जिद विध्वंस, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के पुराने बयान और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर तीखे और स्पष्ट बयान दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस का मामला सिर्फ एक इमारत गिराने का नहीं था, बल्कि देश के संविधान को तार-तार करने का काला दिन था, जिस पर पूरा मुल्क रोया था।
सोनिया गांधी के बयान पर बोले- सिर्फ वह नहीं, पूरा देश रोया था
बाराबंकी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मौलानायासूब अब्बास से कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के उस बयान को लेकर सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने बाबरी मस्जिद गिराए जाने के दौरान रोने की बात कही थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मौलाना ने कहा कि उस दिन सिर्फ सोनिया गांधी ही नहीं, बल्कि पूरा देश रो रहा था। उस वक्त देश में चंद लोग ही ऐसे थे जो हंस रहे थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह घटना भारतीय संविधान और लोकतंत्र के लिए एक काला अध्याय थी।
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को बताया सामान्य प्रक्रिया
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगामी 12 नवंबर को अयोध्या जाकर दर्शन करने के सवाल पर मौलाना यासूब अब्बास ने इसे एक सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति शांति और सुकून के लिए किसी भी धार्मिक स्थल पर जा सकता है। मंदिर, मस्जिद या गुरुद्वारा किसी एक व्यक्ति की जागीर नहीं हैं।
मौलाना ने स्पष्ट किया कि अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चश्मे से देखना बिल्कुल भी मुनासिब नहीं है। उन्होंने पहनावे और धार्मिक यात्राओं को लेकर हो रही बहसों को भी खारिज किया। सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के अंतिम निर्णय को कोई चुनौती नहीं दे सकता। मौलाना यासूब अब्बास के इन बयानों के बाद राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर से सियासत गरमा गई है।



