उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

लखनऊ में पोस्टर वार : अखिलेश-राहुल को बताया ‘सनातन का दुश्मन’, सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर, भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विवादित पोस्टरों को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। शहर के 1090 चौराहे समेत कई प्रमुख स्थानों पर ‘सनातन रक्षा संगठन’ की ओर से लगाए गए पोस्टरों में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा नेता आजम खान समेत कई लोगों की तस्वीरें लगाई गई हैं।

पोस्टरों में इन नेताओं और माफिया अतीक अहमद व मुख्तार अंसारी को ‘सनातन भारत के विरोधी रावण’ और ‘सनातन भारत का दुश्मन’ बताया गया है। पोस्टर सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। सपा कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर फाड़ दिए।

2027 के चुनाव से पहले भाजपा की घबराहट: अवधेश प्रसाद

पोस्टर विवाद पर समाजवादी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने इसे भाजपा की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, भाजपा की घबराहट बढ़ती जा रही है। इसी वजह से इस तरह की गतिविधियां कराई जा रही हैं।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा अखिलेश यादव की बढ़ती लोकप्रियता और विश्वसनीयता को लेकर चिंतित है। चुनाव नजदीक आने के साथ पोस्टर, झूठे बयानों और गुमराह करने वाले दावों के जरिए विपक्ष को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि भाजपा की ये कोशिशें सफल नहीं होंगी और जनता सब समझती है।

सपा प्रवक्ता का आरोप- भाजपा के इशारे पर काम कर रहा संगठन

लखनऊ में सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने ‘सनातन रक्षा संगठन’ पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि यह संगठन पहले एक राजनीतिक संगठन था, जिस पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई हुई थी। उनके मुताबिक, कार्रवाई के बाद नया संगठन बनाया गया, जो भाजपा के लिए काम कर रहा है।

फखरुल हसन ने आरोप लगाया कि विपक्ष को बदनाम करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे निचले स्तर की राजनीति बताते हुए कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को सबक सिखाया था और 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को उत्तर प्रदेश से बाहर करने का दावा किया।

डॉ. इंद्रसेन बोले- भगवान राम के आदर्शों पर नहीं चलती भाजपा

सपा नेता डॉ. इंद्रसेन ने भी पोस्टर विवाद पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य से समाज को गिराने वाली मानसिकता सामने आती है। उन्होंने भगवान राम के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान राम ने अपने पिता के सम्मान के लिए राजपाट छोड़कर वनवास स्वीकार किया था। वनवास के दौरान उन्होंने भील, केवट समेत विभिन्न समुदायों के लोगों को गले लगाया और सबको साथ लेकर आगे बढ़े।

डॉ. इंद्रसेन ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग भगवान राम के आदर्शों पर नहीं चलते, बल्कि धर्म का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करते हैं। पोस्टर विवाद के बाद राजधानी में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि, पोस्टर लगाने वाले संगठन की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button