उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊवाराणसी

बनारस को मिली बड़ी सौगात, महिला सम्मेलन में बोले PM मोदी- नारी शक्ति है विकसित भारत का मजबूत स्तंभ

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को 6350 करोड़ रुपये से ज़्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 163 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 1050 करोड़ रुपये से अधिक की पूरी हो चुकी 48 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं और लगभग 5300 करोड़ रुपये की 112 परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

मुख्य आधारभूत परियोजनाओं में वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का चौड़ीकरण पूरा होना, कज्जाकपुरा और कादीपुर में महत्वपूर्ण रेल ओवर ब्रिज का खुलना, और भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता वाला जल शोधन संयंत्र शामिल हैं। जिन 112 परियोजनाओं की आधारशिला प्रधानमंत्री ने रखी, उनमें अमृत 2.0 के तहत 13 सीवरेज और जलापूर्ति योजनाएं, श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला अस्पताल में 500 बिस्तरों वाला मल्टी-सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और भोजूबीर तथा सिगरा में मार्केट कॉम्प्लेक्स और ऑफिस स्पेस का निर्माण शामिल है।

अन्य परियोजनाओं में तालाबों का नवीनीकरण और जीर्णोद्धार, 198 बिस्तरों वाले अस्पताल का पुनर्विकास, 100 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण, और अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट और नमो घाट सहित प्रमुख घाटों पर पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल है। प्रधानमंत्री ने वाराणसी के रामनगर में एकीकृत मंडलीय कार्यालय, नगर निगम कार्यालय भवन, और एक सरकारी बाल आश्रय गृह तथा किशोर न्याय बोर्ड की आधारशिला रखी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उन्होंने बनास डेयरी से जुड़े उत्तर प्रदेश के दूध आपूर्तिकर्ताओं को बोनस के रूप में 105 करोड़ रुपये से ज़्यादा की राशि भी हस्तांतरित की। मोदी ने वाराणसी जंक्शन-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की भी आधारशिला रखी, जिसमें गंगा नदी पर एक रेल-सह-सड़क पुल का निर्माण भी शामिल है।

मोदी ने महिलाओं के नेतृत्व को दी नई दिशा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधी आबादी के जीवन में व्यापक बदलाव लाते हुए महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ ही नहीं, बल्कि नेतृत्व की नई दिशा भी दी है। बरेका मैदान में आयोजित एक जनसभा में श्री नबीन ने कहा कि महिलाएं अब समाज को जोड़ने के साथ-साथ निर्णायक नेतृत्व भी दे रही हैं। यह प्रधानमंत्री का महत्वपूर्ण योगदान है।

आज पूरा देश महिलाओं का मजबूत नेतृत्व देखना चाहता है और प्रधानमंत्री ने इस दिशा में स्पष्ट संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘संकल्प से सिद्धि’ की यात्रा पूरी होगी। भारत कृषि से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तक हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि आज देश की आधी आबादी स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हो रही है और महिलाओं की भागीदारी राष्ट्र निर्माण में लगातार मजबूत हो रही है।

मोदी के नेतृत्व में समग्र विकास की अवधारणा हो रही है साकार: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत न सिर्फ भौतिक विकास के प्रतिमान स्थापित कर रहा है बल्कि नया भारत समग्र विकास की अवधारणा को साकार कर रहा है। बरेका मैदान में 6,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये योगी ने कहा , “नए भारत के निर्माता और सबसे लोकप्रिय जननायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।

प्रधानमंत्री जी के विजन का परिणाम है कि आज हम सब नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। यह नया भारत न केवल भौतिक विकास के प्रतिमान स्थापित कर रहा है, बल्कि समग्र विकास की अवधारणा को साकार करते हुए विकसित भारत की कल्पना को पूरा कर रहा है।”

उन्होने कहा , ” हम सब इस बात को जानते हैं कि प्रधानमंत्री जी ने कहा था कि देश में चार ही जातियां हैं और इन चार जातियों में समग्र समाज समाहित है। उन्होंने इन चार जातियों के रूप में नारी, गरीब, युवा और अन्नदाता का उल्लेख किया था। विराट विजन के अनुरूप इन चारों तबकों को आगे ले जाना है। प्रत्येक योजना का लाभ इनसे जोड़ते हुए आर्थिक स्वावलंबन, सम्मान, सुरक्षा और दूरदृष्टि के माध्यम से नए भारत की संकल्पना का विजन प्रधानमंत्री जी ने हमें दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि विकसित भारत का सबसे मजबूत स्तंभ नारी शक्ति है और देश के विकास का मिशन महिलाओं की भागीदारी के बिना पूरा नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री ने काशी के बरेका मैदान में 6,300 करोड़ रुपये की लागत से 163 से अधिक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में पर्यटन, स्वास्थ्य, सड़क, जलापूर्ति सहित विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं।

मुख्य रूप से गंगा पर सिग्नेचर ब्रिज तथा केंद्रीय उच्च तिब्बती संस्थान परिसर में निर्मित सोवा रिग्पा अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

विशाल महिला महासम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी माता श्रृंगार गौरी, मां गंगा और मां अन्नपूर्णा की दिव्य शक्ति की नगरी है। आज का यह अवसर नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव है। उन्होंने कहा, “भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है। विकसित भारत का सबसे मजबूत स्तंभ नारी शक्ति है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाकर ही देश आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुंबई-पुणे सहित महाराष्ट्र के लोगों को अयोध्या और काशी पहुंचने के लिए आधुनिक रेल सुविधा भी उपलब्ध हो गई है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button