Bank Locker Theft: लखनऊ के इंडियन बैंक लॉकर से एक करोड़ के जेवर गायब, दो साल बाद पहुंचे दंपति के उड़े होश

चौक इलाके में स्थित इंडियन बैंक की सिटी शाखा के लॉकर से करीब एक करोड़ रुपये कीमत के सोने के जेवरात रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। यह मामला तब सामने आया जब लखनऊ में तैनात एक मेडिकल अफसर अपनी पत्नी के साथ बैंक का लॉकर खोलने पहुंचे, लेकिन भीतर जेवरों से भरा स्टील का बॉक्स ही नदारद मिला। पीड़ित दंपति ने पहले बैंक मैनेजर से शिकायत की और सहयोग न मिलने पर चौक कोतवाली में लिखित तहरीर दी। लॉकर से कीमती आभूषण गायब होने की सूचना पर चौक पुलिस ने बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन पड़ताल की जा रही है, हालांकि जांच में एक बड़ी चुनौती यह है कि महिला पूरे दो साल बाद अपना लॉकर ऑपरेट करने बैंक पहुंची थीं।
नवंबर 2006 में आवंटित कराया था लॉकर, स्टील बॉक्स में रखे थे आभूषण
चौक क्षेत्र के सराय माली खां निवासी डॉ. रवि प्रकाश दीक्षित लखनऊ में मेडिकल अफसर के पद पर तैनात हैं और अपनी पत्नी गीता व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते हैं। गीता दीक्षित ने चौक कोतवाली में दी गई लिखित शिकायत में बताया कि उन्होंने नवंबर 2006 में चौक स्थित इंडियन बैंक की सिटी शाखा में लॉकर नंबर 896 आवंटित कराया था। इस लॉकर में उन्होंने अपनी शादी के समय माता-पिता और सास-ससुर से मिले सोने के जेवरात रखे हुए थे। उन्होंने सभी आभूषणों को एक स्टील के बॉक्स में सहेज कर रखा था और फिर उस बॉक्स को बैंक लॉकर के भीतर रख दिया था।



