68,500 शिक्षक भर्ती में वरिष्ठता का रास्ता साफ, नियुक्ति तिथि से तय होगी सीनियरिटी; 23 अक्टूबर तक अंतिम सूची भेजने के निर्देश

उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया के तहत नवीन जनपद आवंटन के बाद कार्यभार ग्रहण करने वाले अभ्यर्थियों की वरिष्ठता का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को ऐसे शिक्षकों की वरिष्ठता प्रथम नियुक्ति तिथि से निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं।
परिषद ने 14 सितंबर 2021 को उच्च न्यायालय द्वारा पारित निर्णय के अनुपालन में यह प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। पत्र में कहा गया है कि नवीन जनपद आवंटन के बाद कार्यभार ग्रहण करने वाले अभ्यर्थियों की वरिष्ठता के संबंध में परिषद कार्यालय की ओर से 31 मार्च 2026 को भी निर्देश जारी किए गए थे।
निर्देश के मुताबिक पहले अनंतिम वरिष्ठता सूची प्रकाशित कर शिक्षकों से आपत्तियां मांगी जाएंगी। प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के बाद सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। जिला स्तर पर तैयार वरिष्ठता सूची 23 अक्टूबर 2026 तक परिषद कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी।
नियुक्ति की तारीख से तय होगी वरिष्ठता
परिषद सचिव ने उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा अध्यापक सेवा नियमावली, 1981 के नियम-22 का हवाला देते हुए कहा है कि किसी संवर्ग में शिक्षक की वरिष्ठता मूल रूप से उसकी नियुक्ति की तारीख से निर्धारित होती है। एक ही दिन नियुक्ति होने पर नियमों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार क्रम तय किया जाएगा। सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।



