उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

जमीन के मामलों में लापरवाही पर CM योगी का सख्त रुख, बोले- रास्ता न दिला पाएं तो लेखपाल-कानूनगो-तहसीलदार सस्पेंड करो

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि संबंधी मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है। मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने शिकायत की कि दबंग उसे रास्ता देने से इनकार कर रहे हैं और धमकी देते हैं कि वह कहीं भी शिकायत कर ले। महिला की बात सुनते ही मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर उसे रास्ता दिलाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि लेखपाल, कानूनगो या तहसीलदार रास्ता दिलाने में खुद को असमर्थ मानते हैं तो उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि से जुड़े मामलों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर हीलाहवाली मिलने पर जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

जमीन के मामलों में ढिलाई पर होगी कार्रवाई

सीएम योगी ने कहा कि भूमि संबंधी प्रकरणों में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कार्मिक या अधिकारी के खिलाफ निलंबन समेत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनता दर्शन में कुछ अन्य लोगों ने भी जमीन से जुड़े मामलों में राजस्व कर्मियों की लापरवाही की शिकायत की। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

करीब 200 लोगों से मिले मुख्यमंत्री

सोमवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री लोगों के बीच जाकर उनकी शिकायतें सुनते रहे। उन्होंने फरियादियों के प्रार्थना पत्र स्वयं लेकर उनका अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि वे परेशान न हों, सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और प्रत्येक पीड़ित की समस्या का समाधान प्रतिबद्धता के साथ कराया जाएगा।

इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश

जनता दर्शन में आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को भी मुख्यमंत्री ने राहत का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जरूरतमंदों के इलाज में पूरी मदद करेगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र और जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के बाद भी यदि किसी जरूरतमंद को सहायता की आवश्यकता होती है तो विवेकाधीन कोष से मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

इस तरह जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने एक ओर भूमि संबंधी शिकायतों पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंदों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button