देवरिया साइबर पुलिस ने 40 हज़ार की ऑनलाइन ठगी की रकम पीड़ित को दिलाई वापसी

गौरव कुशवाहा
देवरिया। फ्लिपकार्ट कस्टमर-केयर अधिकारी बनकर की गई 40 हज़ार रुपये की ऑनलाइन ठगी को जिले की साइबर क्राइम टीम ने महज़ कुछ ही दिनों में ट्रेस कर पीड़ित के खाते में वापस जमा करा दिया। यह सफलता शनिवार को पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर विजिलेंस अभियान का ताज़ा उदाहरण है।
पीड़ित प्रवीन कुमार, निवासी भटौली बुज़ुर्ग नौगाँवा (थाना गौरीबाजार), ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात कॉलर ने खुद को फ्लिपकार्ट कस्टमर-केयर कर्मी बताते हुए मोबाइल पर ओटीपी साझा करा लिया और देखते-देखते उनके खाते से 40 हज़ार रुपये ट्रांसफ़र हो गए। सूचना मिलते ही निरीक्षक राकेश सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना देवरिया की टीम ने तत्काल बैंक नोडल और भुगतान गेटवे से संपर्क स्थापित कर संदिग्ध ट्रांज़ेक्शन को फ्रीज़ कराया। आवश्यक दस्तावेज़ी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी राशि प्रवीन कुमार के मूल खाते में पुनः क्रेडिट करा दी गई।
पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने टीम के इस तीव्र रिस्पॉन्स की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में डिजिटल फ्रॉड पर अंकुश लगाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। साइबर अपराधी लगातार नए पैंतरे आज़मा रहे हैं, लेकिन समय पर शिकायत और त्वरित पुलिस कार्रवाई से नुकसान की भरपाई संभव है।
साइबर प्रभारी राकेश सिंह ने जागरूकता का संदेश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, पासवर्ड या पर्सनल बैंकिंग डिटेल साझा न करें। लुभावने ऑफ़र या रिफंड कॉल आने पर लिंक क्लिक न करें, एप डाउनलोड न करें और भुगतान से पहले आधिकारिक हेल्पलाइन से पुष्टि अवश्य कर लें।
अगर किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत पंजीकृत करें। जागरूक रहें, सतर्क रहें साइबर अपराध से बचें।
सफल कार्रवाई में निरीक्षक रामचन्द्र सिंह यादव, कम्प्यूटर ऑपरेटर शिवमंगल यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार, विजय राय तथा महिला कांस्टेबल पूर्णिमा चौधरी की प्रमुख भूमिका रही।



