डॉ गोयल ने पिछले एक वर्ष का अपनी विधानसभा का लेखा जोखा किया जारी
कृष्णा नगर में निरंतर विकास हो रहा है: डॉ गोयल

विधानसभा क्षेत्र में विकास और जनसेवा के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विधायक अनिल गोयल जी द्वारा उनकी उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष मैगज़ीन का भव्य लोकार्पण एवं प्रेस वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा एवं शाहदरा जिला प्रवक्ता अनिल गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर विधायक अनिल गोयल ने मैगज़ीन का अनावरण किया।
इस मैगज़ीन में बीते एक वर्ष के दौरान कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, अधोसंरचना सुधार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए प्रयासों तथा जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया है। मैगज़ीन का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को पारदर्शी ढंग से यह जानकारी देना है कि उनके जनप्रतिनिधि द्वारा किस प्रकार निरंतर विकास कार्यों को गति दी गई। अपने संबोधन में विधायक अनिल गोयल जी ने कहा कि यह एक वर्ष जनता के विश्वास और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 200 करोड़ के प्रोजेक्ट है और ये सभी जनकल्याण योजनाएं है। इनमें दो अटल कैंटीन हैजिसमें 5 रुपए में भर पेट भोजन।
इसके अलावा इलाके में सीवर, बेहतर शौचालय, दो सीएम स्कूल ,पाँच आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सैंकड़ों सड़के बनाने का कार्य शुरू हो चुका है। विकास की आँधी साफ दिखाई दे रही है। नालों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था, पार्कों के सौंदर्यीकरण और सीवर लाइन की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके साथ ही शिक्षा संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के प्रयास भी प्राथमिकता में रहे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि हर नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।



