उत्तर प्रदेशलखनऊ

सभी निकाय बरसात से पहले अपने यहाँ के नाले नालियों की सफ़ाई कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा कराएं : मंत्री ए0के0 शर्मा

प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा ने कहा कि सभी निकाय बरसात से पहले अपने यहाँ के नाले नालियों की सफ़ाई कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा कराएं, जहाँ कहीं पर भी नाले नालियों के निर्माण में तकनीकी ख़ामिया या चोक होने की समस्या हो, उसे भी शीघ्र ही ठीक कराया जाए, जिससे की बरसात के दौरान कहीं पर भी जल निकासी में समस्या न हो तथा लोगों को जल भराव का सामना न करना पड़े। इसके लिए मैनपॉवर, मशीनों व उपकरणों का सही से प्रयोग कर समय रहते व्यवस्था को पूर्ण रूप से सुधारे। सभी निकाय अपने आस पास की निकायों से बेहतर तालमेल बनाकर संसाधनों का सही से उपयोग करें। ज़रूरत पड़ने पर आपस में मदद भी करें।

नगर विकास मंत्री ए0के0 शर्मा आज जल निगम के फील्ड हास्टल संगम में निकाय कार्यों की वर्चुअल समीक्षा की और साफ-सफाई को लेकर जरूरी निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी 762 निकायों में सुबह 05ः00 से 08ः00 बजे के बीच होने वाली नियमित साफ-सफाई में कही पर भी ढ़िलाई न बरती जाए। नवगठित व नवविस्तारित निकायों में विकास कार्यों को प्रमुखता से कराया जाए। विभागीय योजनाओं का लाभ लोगों को समय से मिले, इसके प्रयास किए जाए। उन्होंने वर्तमान वित्तीय वर्ष में कराये जाने वाले कार्यों से संबंधित प्रस्ताव को शीघ्र निकाय निदेशालय में भेजने को कहा। शहरों में विकास कार्यों के लिए पैसे की कमी नही है।

उन्होंने निकाय निदेशक नितिन बंसल को निर्देश दिये कि डीसीसीसी के माध्यम से निकाय कार्यों की, की जा रही मानीटरिंग की निगरानी करें तथा विगत एक सप्ताह के कार्यों की रिपोर्ट भी निकायों से मगायें। उन्होंने कहा कि अभी वाराणसी में हुई जी-20 की बैठकों में नगर निगम द्वारा की गई तैयारियों, व्यवस्थापन, सुन्दरीकरण के कार्यों की विदेशियों ने प्रशंसा की। बहुत ही कम समय में नजदीकी अन्य निकायों के सहयोग से वाराणसी शहर को सुंदर बनाया गया। इसी प्रकार सभी निकाय समन्वय बनाकर कार्य करें।

मंत्री ए0के0 शर्मा ने लोगों की शिकायतों की सुनवाई हेतु उपलब्ध टोल फ्री नं0-1533 को सभी निकायों में संचालित करने के निर्देश दिए। कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए तकनीक का अधिक से अधिक सहारा लेकर कार्य किया जाए। उन्होंने निकायों में सभासदों/पार्षदों की बैठक कर उनके क्षेत्र की समस्याओं को जानने और इसके समाधान के लिए प्रयास करने को भी कहा। उन्होंने नगरीय निकाय की निदेशक नेहा शर्मा के कार्यों की प्रशंसा की और वर्तमान में नियुक्त किये गये निकाय निदेशक श्री नितिन बंसल जी को शुभकामनाएं दी।

नगर विकास मंत्री ए0के0 शर्मा ने सम्भव के तहत सभी निकायों से जुड़ी शिकायतों की राज्यव्यापी जनसुनवाई भी की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारी एवं शिकायतकर्ता से वर्चुअल बात की। उन्होंने लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए। आज की जनसुनवाई में उन्होंने जलभराव, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, गंदे पानी की आपूर्ति, गृहकर, जलकर दस्तावेज म्यूटेशन, नाला-नालियों की सफाई, जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र आदि समस्याओं को सुनकर समाधान कराया। अधिकांशतः लो-लैण्ड एरिया में जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान निकालने के भी निर्देश दिए। जहां भी आवश्यक हो ड्रेनेज सिस्टम बनाने तथा तात्कालिक राहत में जलनिकासी हेतु पम्पिंग सेट स्थापित करने को कहा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को हरहाल में बेहतर सुविधायें प्रदान करना हैं, जनहित के कार्यांे में किसी भी प्रकार की कोताही न हो।

जनसुनवाई में गोरखपुर के शिकायतकर्ता आरपी सिंह ने पिछले 09 महीने से पानी न आने की समस्या से परेशान थे। इसी प्रकार मुरादाबाद के योगेश सैनी कालोनी में गंदा पानी जमा होने, लखनऊ के जनाब खान दुबग्गा सब्जी मंडी के पास सीवर लाइन चोक होने से हो रही परेशानी, बहराइच के दीपक श्रीवास्तव जलभराव की समस्या, गाजियाबाद के फरमान स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायतों का समाधान किया गया।

नगर विकास मंत्री ने सम्भव के तहत सभी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को प्रत्येक सोमवार को प्रातः 10 बजे से जनसुनवाई करने तथा प्रत्येक मंगलवार को सभी नगर निगमों के नगर आयुक्तों द्वारा नियमित जनसुनवाई करने के निर्देश दिए और शिकायतों का स्थानीय स्तर पर ही निस्तारण करने को कहा। जिससे कि गम्भीर समस्यायें ही उच्चस्तर की जनसुनवाई आ सके। बाकी का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो जाए। उन्हांेने जनसुनवाई के लिए चिन्हित स्थानों का पहले से ही व्यापक प्रचार प्रसार कराने को कहा, जिससे कि लोगों को पहुंचने में समस्या का सामना न करना पड़े। बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास श्री अमृत अभिजात, सभी नगर आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारी वर्चुअल प्रतिभाग किये। सचिव नगर विकास श्री रंजन कुमार, नगरीय निकाय निदेशक श्री नितिन बंसल, अपर निदेशक डा0 असलम अंसारी बैठक में मौजूद थे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button