उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

फ्रूट होराइजन 2026 : लखनऊ में बोले शिवराज सिंह चौहान, कृषि निर्यात में भारत बनेगा ग्लोबल लीडर

लखनऊ। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने, रोजगार सृजित करने और विदेशी मुद्रा कमाने के लिए भारत को फल और सब्जियों का निर्यात बढ़ाना होगा। चौहान ने लखनऊ में दो दिवसीय ‘फ्रूट होराइजन 2026’ कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा कि इस कार्यक्रम का आयोजन फलों का उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्ता सुधारने और प्रसंस्करण के मूलभूत ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।

 उन्होंने कहा, ”लखनऊ में दो दिवसीय ‘फ्रूट होराइजन 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य फलों का उत्पादन बढ़ाना, गुणवत्ता सुधारना और खाद्य प्रसंस्करण की गतिविधियों को मजबूत करना है।” मंत्री ने कहा कि भारत कई तरह के फलों, खासकर आम का एक प्रमुख उत्पादक है। उन्होंने कहा, ”हम जिस मात्रा और गुणवत्ता के आम पैदा करते हैं उसकी दुनिया में कोई बराबरी नहीं है। चाहे आम हों, अंगूर हों, केले हों या लीची, हम इनके प्रमुख उत्पादकों में शामिल हैं। हालांकि हमारा निर्यात अब भी काफी कम है।”

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि भारतीय फल और सब्जियां बड़े अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचें। उन्होंने कहा, “अगर हमारे फलों और सब्जियों का निर्यात बढ़ता है तो किसानों की आय बढ़ेगी, विदेशी मुद्रा की कमाई बढ़ेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए इस दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।”

चौहान ने कहा कि सरकार किसानों, निर्यातकों, प्रसंस्करणकर्ताओं और आईसीएआर (भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद) जैसी संस्थाओं को एक साझा मंच पर साथ लायी है, ताकि इस क्षेत्र के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की जा सके। चौहान ने कहा कि सरकार किसानों और निर्यातकों के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान खोजने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जहां कुछ मुद्दों को तुरंत हल किया जा सकता है, वहीं कुछ मुद्दों के लिए लंबे समय तक शोध की जरूरत होगी।

पश्चिम बंगाल में हार के बाद घबरा गई टीएमसी

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में चुनावी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ‘घबरा’ गई है।

केंद्रीय मंत्री ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के बारे में पूछे गए एक सवाल पर तृणमूल कांग्रेस पर हिंसक तरीकों का सहारा लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, “तृणमूल और ममता बनर्जी अपनी करारी हार के बाद घबरा गई हैं।

लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है लेकिन तृणमूल ने हिंसा का सहारा लिया है।” केंद्रीय मंत्री ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक को इस तरह गोलियों से भून दिया गया। इस घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसी घटनाएं लोकतंत्र में न सिर्फ दुखद है बल्कि शर्मनाक भी हैं।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का उद्देश्य एक हिंसा-मुक्त, भय-मुक्त और विकसित बंगाल बनाना है। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल आतंकवादियों द्वारा 26 पर्यटकों की हत्या के बाद भारतीय सेना की तरफ से पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का एक साल पूरा होने से जुड़े एक अन्य सवाल के जवाब में चौहान ने कहा कि सरकार जो वादा करती है, उसे पूरा करती है।

उन्होंने कहा, “हम जो कहते हैं, वो करते हैं। जिसने पहलगाम में वह भयानक अपराध किया था वह अब इस दुनिया में नहीं है।” चौहान ने यह बात आतंकवादी हमले के बाद चलाए गए सुरक्षा अभियानों के संदर्भ में कही। उन्होंने दावा किया, “आतंकवाद खात्मे की ओर बढ़ रहा है, नक्सलवाद खात्मे की ओर बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित, भय-मुक्त और विकसित बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button