उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

UP Politics : 2027 से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव! पूर्व IAS राकेश वर्मा, अभिनेत्री जारा खान समेत कई नेताओं ने थामा हाथ

उत्तर प्रदेश में आगमी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने संगठन विस्तार की कवायद तेज कर दी है। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और यूपी कांग्रेस प्रभारी व एआईसीसी अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम की मौजूदगी में प्रदेश कार्यलय पर कई प्रमुख लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इनमें पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा और अभिनेत्री व समाजसेविका जारा खान प्रमुख रहीं। इसके अलावा सपा, भाजपा, बसपा, अपना दल, जनवादी पार्टी और निषाद पार्टी से जुड़े रहे कई नेताओं ने भी कांग्रेस का हाथ थामा।

पूर्व आईएएस डॉ. राकेश वर्मा ने थामा कांग्रेस का हाथ

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा कांग्रेस में शामिल हुए। डॉ. राकेश वर्मा वर्ष 1997 बैच के यूपी पीसीएस अधिकारी रहे हैं और बाद में आईएएस बने। वर्ष 2020 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेने के बाद वह सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विषयों पर सक्रिय रहे हैं।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद डॉ. राकेश वर्मा ने कहा कि उनकी राहुल गांधी से मुलाकात हुई थी और वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से भी काफी प्रभावित हैं। उन्होंने मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज के दौर में अधिकारी अपना काम करने के बजाय रील बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि अगर देश को बचाना है तो शिक्षा के क्षेत्र पर काम करना होगा।

नोएडा डीएम-मजदूर मामले पर भी बोले राकेश वर्मा

पूर्व आईएएस ने नोएडा के डीएम और मजदूर से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि डीएम का काम मजदूर से बात करना है, न कि पुलिस को आगे करना। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी सरकार की जरूरत है जो आम लोगों पर ध्यान दे।

अभिनेत्री जारा खान ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली

इसी कार्यक्रम में अभिनेत्री और समाजसेविका जारा खान ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वी जोन प्रभारी हसीब खान के माध्यम से पार्टी की सदस्यता ली।

मोहनलालगंज से भी कई लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ

मोहनलालगंज के पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र गौतम के नेतृत्व में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक कांग्रेस में शामिल हुए। इनमें विकास चन्द्र, राम राजकुमार, सुमित कुमार और शैलेंद्र सिंह समेत अन्य लोग शामिल रहे।

सपा, भाजपा और कई दलों के नेताओं की कांग्रेस में एंट्री

यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की मौजूदगी में भी विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली। इनमें समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव और देवरिया-कुशीनगर पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष सुनील कुशवाहा तथा भाजपा ओबीसी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सह-प्रभारी मनोज कुमार चौहान प्रमुख हैं। इसके अलावा जनवादी पार्टी (राष्ट्रीय) के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एडवोकेट हरकेश सिंह चौहान, अपना दल के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी प्रो. शिव राम सिंह चौहान और भारतीय चौहान महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व बसपा प्रत्याशी राजेश चौहान ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

चौहान समाज के कई नेताओं ने भी ज्वाइन की कांग्रेस

कांग्रेस में शामिल होने वालों में वरिष्ठ नेता फूल सिंह चौहान, लखीमपुर खीरी के दरबारी लाल चौहान, निषाद पार्टी (एस) के जिलाध्यक्ष रवि सिंह, लखनऊ के भाजपा नेता अमर सिंह चौहान ‘गुड्डू’, मऊ के युवा भाजपा नेता अरुण सिंह चौहान और चौहान एकता फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान भी शामिल रहे। कांग्रेस की ओर से कहा गया कि अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से आए नेताओं के पार्टी से जुड़ने से संगठन को प्रदेश में मजबूती मिलेगी। नए सदस्यों ने पार्टी की नीतियों और नेतृत्व में आस्था जताते हुए कांग्रेस के साथ मिलकर काम करने की बात कही।

अजय राय बोले- अनुभव का पार्टी को मिलेगा फायदा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सभी साथियों का कांग्रेस में स्वागत है और उनके अनुभव का फायदा पार्टी को मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आम जनता से लगातार जुड़ने की अपील की। अजय राय ने इस दौरान भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा और कांग्रेस को प्रदेश में मजबूत करने की दिशा में लगातार काम करने की बात कही।

2027 से पहले संगठन विस्तार पर कांग्रेस का जोर

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है। पार्टी की ओर से लगातार अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों को संगठन से जोड़ने की कवायद की जा रही है। कांग्रेस को उम्मीद है कि नए नेताओं और कार्यकर्ताओं के जुड़ने से आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को मजबूती मिलेगी।

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरपर्सन सोहेल अख्तर अंसारी, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव, अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब खान, विचार विभाग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र यादव और शहर अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद शहजाद आलम समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button