उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

यूपी जन आक्रोश महिला पदयात्रा : पंकज चौधरी का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा- महिला विरोधी है ‘इंडिया’ गठबंधन

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंगलवार को विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को महिला विरोधी गठबंधन करार दिया और कहा कि उसे इसके परिणाम 2027 के राज्य विधानसभा चुनाव में भुगतने होंगे। महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने और लोकसभा सीट की संख्या बढ़ाकर 816 करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा लाया गया संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पिछले शुक्रवार को निचले सदन में पारित नहीं हो पाने के बाद चौधरी की यह टिप्पणी आयी है।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश विधान भवन के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “नारी का उत्थान व सम्मान, भाजपा की यही पहचान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तीकरण के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है।” उन्होंने कहा, ”नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मुख्य उद्देश्य देश की माताओं और बहनों को नेतृत्व का अधिकार देना है, ताकि लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीट पर महिलाएं चुनाव लड़ सकें और नीति-निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस सहित विपक्ष ने इसमें बाधा डाली।”

उन्होंने कहा, ”कुछ लोगों ने कहा कि इससे उत्तर और दक्षिण भारत में भेद उत्पन्न हो जाएगा। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि मुस्लिम महिलाओं का आरक्षण भी होना चाहिए। हमारे नेताओं ने सदन में इन सभी आपत्तियों का विस्तार से जवाब दिया।” उन्होंने कहा कि विपक्षी दल जहां एक तरफ महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ नकाब और वोट बैंक के चक्कर में उन्होंने 20 प्रतिशत अल्पसंख्यक महिलाओं के नाम पर 80 प्रतिशत बहुसंख्यक महिलाओं के हितों को ठेस पहुंचाने का काम किया है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ होना है। 2027 में बिना महिलाओं के कोई चुनाव जीत सकता है क्या? अगर महिलाओं को आरक्षण नहीं दिया गया, तो सपा-कांग्रेस को आने वाले चुनाव में कोई वोट नहीं मिलेगा। इसके लिए तैयार हो जाइए। उन्होंने कहा,”प्रधानमंत्री मोदी जी ने कहा है कि हम हिम्मत नहीं हारेंगे। हम महिलाओं को आरक्षण दिलाकर रहेंगे। इसी संकल्प के साथ हमें यहां से जन आक्रोश मार्च निकालना है।”

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा,”आज प्रदेश की महिला शक्ति सड़कों पर है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता के कारण नारी शक्ति वंदन (संशोधन) अधिनियम को संसद में रोकने का काम किया गया है। आज उत्तर प्रदेश की आक्रोशित बहनें सड़क पर निकलकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का बैंड बजाने का काम कर रही हैं।”

ब्रजेश पाठक ने कहा कि इन पार्टियों को आने वाले चुनावों में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा, ”हम सब अच्छी तरह जानते हैं कि समाजवादी पार्टी की सरकार जब-जब प्रदेश में होती है, गुंडे-बदमाश खुलेआम बहन-बेटियों को परेशान करने का काम करते हैं। इसीलिए नारे लगते हैं, ‘देख सपाई-बिटिया घबराई’। वक्त है कि सब एकजुट होकर सपा व कांग्रेस को महिला शक्ति का अहसास कराएं। मां दुर्गा, मां काली, मां सरस्वती बनकर विपक्षियों को सबक सिखाएं।’

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button