बहराइच: बच्चों के विवाद में महिला को जेठ ने जमकर पीटा, अस्पताल में भर्ती
बहराइच। जंगल से सटे गांव राम नगर कंडा निवासी महिला को उसके जेठ ने बच्चों के विवाद में जमकर पीट दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है।
कोतवाली मुर्तिहा का राम नगर कंडा गांव कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के जंगल से सटा हुआ है। गांव निवासी महिला सुनीता (23) पत्नी नंद किशोर का मंगलवार शाम को जेठ घनश्याम के बच्चों से विवाद हुआ। जेठ के बच्चों ने घर जाकर सूचना दे दी। इससे आग बबूला जेठ घनश्याम ने सुनीता की लाठी से पिटाई कर दी। लाठी की पिटाई से महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई।
महिला के गंभीर घायल होने की सूचना कोतवाली में दी गई। प्रभारी निरीक्षक अमितेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने घायल महिला को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। यहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात में महिला का इलाज शुरू हुआ।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला के जेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। लेकिन अभी तक तहरीर नहीं मिली है। महिला की हालत गंभीर होने पर पहले उसे इलाज की जरूरत थी। मालूम हो कि महिला का मायका देवरिया जनपद में है। उसके पति चेन्नई में काम कर करते हैं।