देवरिया: सलेमपुर पुलिस ने चोरी के ट्रक के साथ एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार

- चेचिस नंबर और नंबर प्लेट बदलकर चला रहा था ट्रक
गौरव कुशवाहा
देवरिया। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सलेमपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान, देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर ग्राम बिगही स्थित ढाबे के पास एक ट्रक (नंबर प्लेट: BR 04 GB 6914) को रोका गया। जांच में पाया गया कि ट्रक का चेचिस नंबर बदलकर उसे वैध दिखाने का प्रयास किया गया था।
पुलिस ने बताया कि उक्त चेचिस नंबर वाला ट्रक पहले से ही थाना सुरौली में दिनांक 09.01.2025 को पंजीकृत मु0अ0सं0 06/2025 धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत निरूद्ध है। अभियुक्त से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ट्रक चोरी का है और पहचान छुपाने के लिए नंबर प्लेट और चेचिस नंबर दोनों बदल दिए गए हैं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में सलेमपुर थाने के उपनिरीक्षक नितिन साहू, कांस्टेबल गोविन्द कुशवाहा, और कांस्टेबल दीपक सोनकर शामिल रहे।अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।



