देवरिया में तीन वांछित अपराधियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित

- एसपी विक्रांत वीर के निर्देशन में पुलिस की सख्त कार्यवाही
गौरव कुशवाहा
देवरिया। पुलिस ने अपराध नियंत्रण की दिशा में एक और सख्त कदम उठाते हुए तीन कुख्यात अपराधियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देश पर इन वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इनामी राशि तय की गई है।
इन अपराधियों पर गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और ये लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। अपराधियों की धरपकड़ को लेकर पुलिस ने जिलेभर में सक्रियता बढ़ा दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, जनता से भी अपील की गई है कि यदि कोई इन अपराधियों के बारे में सूचना देता है या उन्हें पकड़वाने में मदद करता है तो उसे घोषित इनामी राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।
इनमें पहला अपराधी चंदन यादव, देवरिया के भलुअनी थाना क्षेत्र का निवासी है, जो उत्तर प्रदेश गिरोहबंद और समाजविरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत वांछित है। दूसरा इनामी अपराधी रिंकू यादव, आजमगढ़ के गंभीरपुर क्षेत्र का निवासी है, जिस पर गौ हत्या निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। वहीं, तीसरा अपराधी बलराम कुमार, बिहार के पटना जिले का निवासी है, जो गिरोहबंद अपराध में संलिप्त है।
देवरिया पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अपराधियों में खलबली मच गई है। पुलिस लगातार मुखबिरों से संपर्क कर रही है और संदिग्ध इलाकों में दबिश दे रही है। पुलिस का साफ संदेश है कि जिले में अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों को हर हाल में कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।



