पुलिस प्रशासन के सहयोग से पीस कमेटी की बैठक में होली और रमजान पर सौहार्दपूर्ण सहमति

- 1 बजे तक खेली जाएगी होली, 2 बजे से होगी जुम्मे की नमाज
- शांति और प्रेम से त्योहार मनाने की अपील, सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी
गौरव कुशवाहा
देवरिया। जिले में आगामी त्योहारों—होली, रमजान और ईद को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन प्रेक्षागृह में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न धर्मगुरुओं ने सहभागिता निभाते हुए सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिससे दोनों समुदायों के बीच आपसी भाईचारा मजबूत हो सके।
इस वर्ष होली 14 मार्च, शुक्रवार को पड़ रही है, जो रमजान के पवित्र महीने के साथ संयोग कर रही है। इसे देखते हुए बैठक में निर्णय लिया गया कि होली अपराह्न 1 बजे तक खेली जाएगी, जबकि 2 बजे से जुमे की नमाज अदा की जाएगी। यह निर्णय आपसी सहमति और सम्मानजनक सहअस्तित्व का प्रतीक है, जिसे दोनों समुदायों ने सहर्ष स्वीकार किया।
बैठक में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की कड़ी निगरानी की जाएगी और यदि कोई अफवाह फैलाने या धार्मिक उन्माद भड़काने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की ग़लत सूचना को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि करें और कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने भी कहा कि कानून व्यवस्था को बाधित करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस सुरक्षा को सख्त किया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी और हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि होली के दिन शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, होलिका दहन केवल परंपरागत स्थलों पर ही किया जाएगा, और नई परंपरा स्थापित करने की अनुमति नहीं होगी। डीजे की आवाज सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित सीमा के भीतर ही रखी जाएगी और अश्लील गानों पर प्रतिबंध रहेगा।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि त्योहारों के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और विद्युत फॉल्ट या ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। लोगों को किसी भी समस्या के लिए टोल-फ्री नंबर 8004930620 पर संपर्क करने के लिए कहा गया है।
सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निकायों और पंचायती राज अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारों से पहले और बाद में पर्याप्त सफाई व्यवस्था हो। शहरी क्षेत्रों में लोग व्हाट्सएप नंबर 7071809799 पर सफाई संबंधी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी आपात स्थिति में मदद की जा सके। इसके अलावा, 108 और 102 नंबर की एंबुलेंस सेवाएं सुचारु रूप से संचालित रहेंगी, और डॉक्टरों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
बैठक में शामिल विभिन्न धर्मगुरुओं और समुदायों के प्रतिनिधियों ने शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक में सीएमओ डॉ. राजेश झा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) गौरव श्रीवास्तव, सीआरओ जे.आर. चौधरी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, एएसपी दीपेंद्रनाथ चौधरी, एएसपी सुनील कुमार सिंह, एसडीएम सदर/जॉइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा, एसडीएम दिशा श्रीवास्तव, एसडीएम हरिशंकर लाल, एसडीएम रत्नेश तिवारी, सीओ संजय रेड्डी, सीओ अंशुमान श्रीवास्तव, डीपीआरओ रतन कुमार समेत बड़ी संख्या में विभिन्न धर्मों के धर्माचार्य एवं अनुयायी मौजूद रहे।



