अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर स्कूल चलो अभियान, एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने दिखाया हरी झंडी

दिलीप भारती
लार। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अंबेडकर इंटरनेशनल स्कूल मटियरा जगदीश, लार के छात्रों ने शनिवार को महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए भव्य रैली निकाली।इस रैली को सलेमपुर की उप जिलाधिकारी (एसडीएम) दिशा श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली की शुरुआत चनुकी मोड़ से हुई, जहां छात्र-छात्राएं कतारबद्ध होकर महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के प्रचार-प्रसार के संदेशों के साथ आगे बढ़े। इस दौरान होली, ईद और महिला सशक्तिकरण पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने लोगों का ध्यान खींचा। रैली लार बाजार, गांधी मार्केट और पिपरा चौराहे से होते हुए पायनियर एकेडमी स्कूल परिसर में समाप्त हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने कहा, शिक्षा ही सशक्तिकरण की असली कुंजी है। जब महिलाएं शिक्षित होंगी, तो वे आत्मनिर्भर बनेंगी और समाज को नई दिशा देंगी। महिलाओं को समान अवसर और सुरक्षा प्रदान करना ही असली महिला सशक्तिकरण है।
रैली के आयोजन में खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, स्कूल डायरेक्टर प्रतिभा तिवारी, प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार बाजपेयी, चेयरमैन मूसा रजा लारी, प्रधानाध्यापक रामजीवन तिवारी, अभिराम तिवारी प्रिंस, स्वप्निल द्विवेदी सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।



