देवरिया: धमऊर को मिला आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया लोकार्पण

गौरव कुशवाहा
देवरिया। देसही देवरिया ब्लॉक के धमऊर में रविवार को कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने 30 शैय्या युक्त नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और आवासीय भवन का विधिवत लोकार्पण किया। मंत्रि ने वैदिक रीति से हवन-पूजन कर सीएचसी का उद्घाटन किया और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही उन्होंने पिपरा धौला कदम में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) का भी शुभारंभ किया।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि 7.29 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्रीय जनता को समर्पित है। भविष्य में इसे जिला अस्पताल की तर्ज पर और अधिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका को सराहते हुए 48 आशा कार्यकर्ताओं और तीन आशा संगिनियों को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए। मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी संचालन में इनका योगदान बेहद अहम है।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि ओपीडी का विस्तार होते ही स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। फिलहाल एक मेडिकल ऑफिसर, एक स्टाफ नर्स, एक फार्मासिस्ट, एक लैब टेक्नीशियन और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की तैनाती की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने बताया कि अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम, पैथोलॉजी, ऑपरेशन थिएटर, प्रसव केंद्र, कैंटीन, दवा भंडारण कक्ष जैसी सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रज्ञा तिवारी, एसीएमओ डॉ. अजय शाही, डॉ. शुभलाल, डीपीएम पूनम, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, डीएमसी विश्वनाथ मल्ल, बीपीएम अमित, बीसीपीएम अनुपम सहित अनेक अधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



