ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा के नेतृत्व में होली जुलूस रूट का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में कड़ी चौकसी

गौरव कुशवाहा
देवरिया। होली के मौके पर शहर में निकलने वाले जुलूस को पूरी तरह से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमान संभाल ली है।पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देशन में रविवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने मिश्रित आबादी वाले अति संवेदनशील क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन और फ्लैग मार्च किया।
शहर में निकलने वाले होली के जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क दिखा। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा ने पैदल मार्च के दौरान हर चौराहे और गली-मुहल्ले में जाकर सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की। उन्होंने आयोजकों और नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर स्पष्ट संदेश दिया कि शांति, सद्भाव और मर्यादा के साथ त्योहार मनाना ही प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा होली जुलूस में किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्रोन, डॉग स्क्वायड और पुलिस फोर्स हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है।

इसी अभियान में क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने कहा, हमारी रणनीति साफ है। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी गई है। हर संदिग्ध व्यक्ति और गतिविधि को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिलीप कुमार सिंह की टीम, डॉग स्क्वायड यूनिट और ड्रोन ऑपरेटरों ने पूरे जुलूस मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। संकरी गलियों, मुख्य चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष चौकसी बढ़ा दी गई है।



