तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, तीन युवक गंभीर घायल

नेबुआ नौरंगिया, कुशीनगर।
थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर रायगंज स्थित एचपी पेट्रोल पंप के समीप शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2:39 बजे नेबुआ गांव निवासी गिरजेश (34) पुत्र रामानंद अपनी पत्नी प्रियंका देवी (27) के साथ बाइक से ससुराल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नारायण भड़सर गांव निवासी विनय पुत्र मिथिलेश, सतेंद्र पुत्र रामबरन तथा चिनकू पुत्र पृथ्वी एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लक्ष्मीपुर रायगंज स्थित एफसीआई गोदाम एवं एचपी पेट्रोल पंप के पास ओवरटेक करने के दौरान दोनों बाइकें आपस में टकराकर अनियंत्रित हो गईं। तभी नौरंगिया से खड्डा की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में गिरजेश और उनकी पत्नी प्रियंका देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पीआरबी, एम्बुलेंस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि मृतक गिरजेश अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पिता रामानंद किसान हैं। गिरजेश अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार वाहन की तलाश तेज कर दी गई है।


