ईंट भट्ठे के जलभराव गड्ढे में डूबने से तीन मासूमों की दर्दनाक मौत, जिलाधिकारी ने जताया दुःख

कुशीनगर।
जनपद के कसया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गैनपुर तप्पा मैनपुर स्थित पंकज ईंट उद्योग (आरएम मार्का ईंट) पर शनिवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में तीन मासूम बच्चों की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई तथा परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ईंट निर्माण के लिए भट्ठे के समीप मिट्टी खोदकर बनाए गए गड्ढे में बरसात का पानी जमा था। सुबह करीब आठ बजे मजदूर परिवारों के बच्चे खेलते-खेलते उसी जलभराव वाले गड्ढे के पास पहुंच गए। इसी दौरान एक बच्चा अचानक पानी में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में क्रमशः दो अन्य बच्चे भी गहरे पानी में समा गए।
घटना की जानकारी होते ही परिजनों एवं स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और मजदूरों की मदद से बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनन्या पुत्री लखन, 3 वर्षीय अभय पटेल पुत्र पंचू पटेल तथा ढाई वर्षीय अनुष्का पुत्री सुखेंद्र के रूप में हुई है। सभी मृतक परिवार मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एवं जांजगीर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं, जो ईंट भट्ठे पर मजदूरी का कार्य करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही कसया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्यवाही पूर्ण कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी हाउस रविंद्रनगर भेज दिया गया।
इस दर्दनाक घटना पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मृतक बच्चे के आश्रितों को आपदा राहत मद से चार-चार लाख रुपये की अहैतुक सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा विस्तृत जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति में उपजिलाधिकारी कसया को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि क्षेत्राधिकारी कसया, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, श्रम प्रवर्तन अधिकारी एवं खनन अधिकारी को सदस्य नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि गठित समिति घटना की विस्तृत जांच कर तीन कार्यदिवस के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। हादसे के बाद ईंट भट्ठे पर कार्यरत मजदूरों एवं क्षेत्रीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।


