फूस के घर में निकला विशाल कोबरा, सर्प मित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

नेबुआ नौरंगिया,कुशीनगर।
जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव निवासी धनन्जय मद्देशिया पुत्र शंकर के फूस के घर में अचानक विशाल कोबरा प्रजाति का जहरीला सांप दिखाई देने से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सांप निकलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे घर के आसपास दहशत का माहौल बन गया।
सूचना पर क्षेत्र के प्रसिद्ध सर्प मित्र हरेंद्र कुशवाहा मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने कोबरा सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे एक जार में बंद कर लिया। इसके बाद सर्प को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई।
रेस्क्यू के दौरान सर्प मित्र हरेंद्र कुशवाहा ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि कोबरा अत्यंत जहरीला सर्प होता है। ऐसे में उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने अपील की कि यदि कहीं भी जहरीला सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्र को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली तथा सर्प मित्र के प्रयास की सराहना की।


