कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई आरक्षी भर्ती परीक्षा, जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण; पहले दिन लगभग 80 प्रतिशत रही उपस्थिति

आर के भट्ट
ब्यूरो,कुशीनगर।
आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के प्रथम दिन जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जनपद में यह परीक्षा 8 जून से 10 जून 2026 तक पांच केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा को पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाने के उद्देश्य से सभी केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, मजिस्ट्रेटों की तैनाती तथा पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ किसान इंटर कॉलेज, साखोपार स्थित परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम का अवलोकन करते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कवरेज क्षेत्र और निगरानी व्यवस्था की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
परीक्षा के पहले दिन आयोजित दोनों पालियों में कुल 4224 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3378 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 846 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कुल उपस्थिति प्रतिशत लगभग 79.97 प्रतिशत दर्ज किया गया।
प्रथम पाली में 2112 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1661 उपस्थित और 451 अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 2112 अभ्यर्थियों में से 1717 उपस्थित और 395 अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में उपस्थिति 78.65 प्रतिशत तथा द्वितीय पाली में 81.30 प्रतिशत दर्ज की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर इससे समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने, अफवाह फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को सुरक्षित, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिकारियों के अनुसार पहले दिन की परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।



