राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : RSS का पहला बयान, दत्तात्रेय होसबाले बोले- दोषियों को मिले कठोर दंड, हिंदू समाज से धैर्य की अपील

लखनऊ । राम मंदिर के दान पात्रों में जमा चढ़ावे की कथित चोरी (गबन) के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का पहला आधिकारिक बयान सामने आया है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों रामभक्तों की आस्था और भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि यह घटना पूरे समाज के लिए पीड़ादायक है। उन्होंने संबंधित ट्रस्ट से व्यवस्था और संचालन में मौजूद सभी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे।
हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील
RSS सरकार्यवाह ने पूरे हिंदू समाज से अपील करते हुए कहा कि इस मामले में धैर्य और संयम बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी होनी चाहिए और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर कुछ लोग हिंदू धर्म और पूरे हिंदू समाज को बदनाम करने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे प्रयासों को विफल किया जाना चाहिए और समाज को किसी भी प्रकार के भ्रम या भड़कावे से बचना चाहिए।
ट्रस्ट से व्यवस्था मजबूत करने की अपेक्षा
RSS ने अपने बयान में कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट को दान पात्रों और वित्तीय प्रबंधन की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाना चाहिए। इससे श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास पहले की तरह अटूट बना रहेगा।



