देवरिया स्टेशन पर आरपीएफ की मुस्तैदी, लावारिस बैगों से 43 हजार की अंग्रेजी शराब बरामद
सीआईबी भटनी, गोरखपुर और आरपीएफ देवरिया की संयुक्त टीम ने प्लेटफार्म संख्या दो-तीन पर चलाया सघन चेकिंग अभियान

गौरव कुशवाहा / देवरिया। ट्रेनों और रेलवे परिसरों के जरिए होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) ने संयुक्त रूप से एक बड़ी सफलता अर्जित की है। गुरुवार दोपहर देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर चलाए गए सघन निगरानी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने प्लेटफार्म संख्या दो-तीन पर लावारिस हालत में रखी भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। यह कार्रवाई आगामी त्योहारों और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत की गई, जिससे स्टेशन परिसर में सक्रिय संदिग्ध तत्वों में हड़कंप मच गया।
स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान सीआईबी भटनी के उप निरीक्षक चंद्रसेन सिंह, सहायक उप निरीक्षक अवनीश राय, सीआईबी फील्ड मुख्यालय गोरखपुर के अबू फरहान गफ्फार और आरपीएफ पोस्ट देवरिया सदर के उप निरीक्षक रामशंकर सिंह, हेड कांस्टेबल सत्येंद्र यादव व कांस्टेबल दीनानाथ यादव की संयुक्त टीम प्लेटफार्म संख्या दो-तीन के पूर्वी फुटओवर ब्रिज के पास मौजूद थी। इसी दौरान टीम की नजर वहां लावारिस अवस्था में रखे तीन पिट्ठू बैग, तीन बड़े झोलों और दो लेडीज हैंड बैग पर पड़ी। काफी देर तक किसी भी यात्री द्वारा उन बैगों पर दावा न किए जाने के बाद सुरक्षा टीम ने सतर्कता बरतते हुए दोपहर करीब 02:20 बजे उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
खोले जाने पर बैगों के भीतर से अवैध रूप से तस्करी की जा रही अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामदगी के ब्यौरे के अनुसार, बैगों से ‘रॉयल स्टैग’ व्हिस्की की 750 एमएल वाली 18 बोतलें (कीमत 690 रुपये प्रति बोतल) और ‘ऑफिसर्स चॉइस’ व्हिस्की के 180 एमएल वाले 236 टेट्रा पैक (कीमत 130 रुपये प्रति पैक) बरामद किए गए। जब्त की गई कुल 55.98 लीटर अंग्रेजी शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 43,100 रुपये आंकी गई है। बरामद माल को अग्रिम आवश्यक कार्यवाही के लिए देवरिया सदर आरपीएफ पोस्ट को सुपुर्द कर दिया गया है। इस तत्परता से साफ है कि रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और अवैध धंधों पर अंकुश लगाने को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है।
रेलवे परिसरों और ट्रेनों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ हमारा अभियान निरंतर जारी है। सीआईबी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए प्लेटफार्म से लावारिस हालत में करीब 43 हजार रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब जब्त की है। संभावना है कि तस्कर पुलिस की सघन चेकिंग को देखकर माल छोड़कर भाग निकले। इस संबंध में अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।
— अमरनाथ, प्रभारी निरीक्षक, आरपीएफ पोस्ट देवरिया सदर



