वृंदावन के आवासीय विद्यालय में बड़ा हादसा, पानी की टंकी में गए चार छात्रों की मौत

मथुरा। वृंदावन के एक आवासीय विद्यालय में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पानी की टंकी साफ करने के लिए उसके अंदर गए चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र बेहोश हो गया। पुलिस के मुताबिक, घटना वृंदावन थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन गुरुकुलम में हुई। बताया जा रहा है कि टंकी से दुर्गंध आने के बाद छात्र उसे साफ करने के लिए अंदर गए थे।
मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार के अनुसार, सबसे पहले एक छात्र पानी की टंकी साफ करने के लिए उसके अंदर गया था, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। इसके बाद चार अन्य छात्र भी उसे देखने और मदद करने के लिए टंकी के अंदर चले गए। जब वे भी बाहर नहीं निकले तो वहां मौजूद लोगों ने सभी छात्रों को बाहर निकाला।
अस्पताल ले जाने पर चार को मृत घोषित किया
पुलिस के मुताबिक, सभी छात्रों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक छात्र बेहोशी की हालत में था। मृतकों की उम्र 17 से 20 वर्ष के बीच बताई गई है और सभी आवासीय विद्यालय के छात्र थे। एसएसपी ने बताया कि मृत छात्रों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
बेहोश छात्र की हालत सुरक्षित
हादसे में बेहोश हुए पांचवें छात्र को होश आ गया है। पुलिस के अनुसार, वह अब सुरक्षित है और बातचीत कर रहा है। बेहतर निगरानी के लिए उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्र किस परिस्थिति में टंकी के अंदर गए और हादसा कैसे हुआ। एसएसपी ने कहा कि परिजनों की शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



