विंध्यधाम : नवरात्र के 72 घंटे शेष, मेला क्षेत्र में तेज हुई तैयारियां

- ध्वनि विस्तारक यंत्र और बैरिकेडिंग का काम शुरू, एक दर्जन से अधिक पार्किंग स्थल तैयार
मीरजापुर। मां विंध्यवासिनी धाम में शारदीय नवरात्र मेला शुरू होने में 72 घंटे शेष हैं। 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने संबंधित विभागों को मेला शुरू होने से 24 घंटे पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया है।
मेला क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाए जा रहे हैं, ताकि बिछड़े परिजनों को सूचना देकर मिलाया जा सके। वहीं लिंक मार्गों पर बैरिकेडिंग शुरू हो गई है। मेला क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रयागराज की ओर से आने वाले वाहन पटेंगरा नाला और मोतीझील पार्किंग तक, जबकि वाराणसी और सोनभद्र की ओर से आने वाले वाहन बरतर तिराहा और अटल चौक-रेहड़ा पुल के पास तक ही जा सकेंगे। स्टेट बैंक चौराहा, बावली तिराहा, बंगाली तिराहा, नई और पुरानी वीआईपी समेत प्रमुख मार्गों पर भी बैरिकेडिंग की जा रही है।
पार्किंग के रेट की होगी निगरानी
मेले में एक दर्जन से अधिक स्थायी और अस्थायी वाहन स्टैंड बनाए गए हैं। अटल चौक, रेहड़ा चुंगी, बरतर तिराहा, पटेंगरा नाला और पुरानी वीआईपी पर चारपहिया वाहनों की पार्किंग होगी। रेहड़ा चुंगी और निहुत महावीर मंदिर रोडवेज के पास ऑटो स्टैंड बनाया जाएगा। नगर पालिका की ओर से पार्किंग का लाइसेंस देने के साथ रेट लिस्ट भी जारी की जाएगी, ताकि निर्धारित दर से अधिक वसूली पर रोक लगाई जा सके।
स्टेशन मार्ग को मिला नया स्वरूप
विंध्य कॉरिडोर के तहत स्टेशन गली को 10 से बढ़ाकर 40 फीट चौड़ा किया गया है। स्टेशन से गेट नंबर एक त्रिशक्ति पथ तक सड़क पर डामरीकरण का काम चल रहा है। नाली और भूमिगत बिजली लाइन के साथ मार्ग का स्वरूप बदला है। यह रास्ता अखाड़ा घाट, बाबू घाट और परशुराम घाट जाने के लिए भी प्रमुख है। शेष कार्य नवरात्र के बाद पूरा कराया जाएगा।
वाहन मेला क्षेत्र में नहीं जाएंगे
नवरात्र के दौरान विंध्याचल के मेला क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रयागराज की ओर से आने वाले वाहन पटेंगरा नाला और मोतीझील के पास बनाए गए वाहन स्टैंड तक ही आ सकेंगे। वाराणसी और सोनभद्र की ओर से आने वाले वाहनों को बरतर तिराहा और अटल चौक-रेहड़ा पुल के पास रोक दिया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को पैदल या निर्धारित व्यवस्था से मेला क्षेत्र में जाना होगा। स्टेट बैंक चौराहा, बावली तिराहा, बंगाली तिराहा, बरतर तिराहा, पटेंगरा, नई वीआईपी और पुरानी वीआईपी समेत प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की जा रही है।
यहां खड़े होंगे वाहन
मेला क्षेत्र के बाहर एक दर्जन से अधिक स्थायी और अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। अटल चौक, रेहड़ा चुंगी, बरतर तिराहा, पटेंगरा नाला और पुरानी वीआईपी पर चारपहिया वाहनों की पार्किंग होगी। रेहड़ा चुंगी और निहुत महावीर मंदिर रोडवेज के पास ऑटो स्टैंड बनाए जाएंगे। नगर पालिका इन स्टैंडों का लाइसेंस देगी और पार्किंग शुल्क की रेट लिस्ट जारी करेगी, ताकि निर्धारित दर से अधिक वसूली रोकी जा सके।



