
फरीदाबाद: जिले के खेड़ी पुल थाना इलाके में 10वीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने भारी हंगामा किया। किशोर का शव उसकी ही सहपाठी (प्रेमिका) के घर में फांसी के फंदे से लटकता मिला। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि लड़की के घर वालों ने किशोर को घर बुलाकर पहले बेरहमी से पीटा और फिर फांसी पर लटकाकर उसकी हत्या कर दी। घटना की खबर मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों की सूचना पुलिस पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। यहां उनके साथ भी हाथापाई व मारपीट की गई। इतना ही नहीं, शव लेने आई एम्बुलेंस में तोड़फोड़ की गई, जिससे ड्राइवर को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।
छात्रा के घर में लटकता मिला शव
पूरा मामला फरीदाबाद के थाना खेड़ी पुल थाना इलाके के टीटू कालोनी का है। यहां पर एक ही कक्षा में पढ़ने वाली सहपाठी छात्रा के घर में उसी के साथ पढ़ने वाले छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी राजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। खेड़ी पुल थाना इलाके में हुई इस घटना में पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि मृतक किशोर और लड़की दोनों एक ही स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ते थे। परिजनों का दावा है कि छात्र को घर बुलाकर मारपीट की गई और फिर फंदे पर लटकाया गया।
भीड़ ने पुलिस और एम्बुलेंस पर किया हमला
वहीं इस मामले में शव को लेने पहुंचे एम्बुलेंस चालक ने बताया कि वह जब शव को लेने पहुंचे तो भीड़ आक्रोशित थी। भीड़ ने न केवल उस पर हमला कर दिया, बल्कि उसकी एम्बुलेंस में भी तोड़फोड़ की। इसके बाद उसने भाग कर अपनी जान बचाई। इस घटना में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। वहीं इस मामले जानकारी देते हुए एसीपी राजीव ने बताया कि आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम से मारपीट की और एम्बुलेंस में तोड़फोड़ की। एसीपी राजीव कुमार के अनुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


