विशेष रोजगार सृजन सप्ताह : श्रमिकों को गांव में ही मिलेगा रोजगार

उत्तर प्रदेश में ग्रामीण श्रमिकों को उनके गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 से 30 नवंबर तक ‘विशेष रोजगार सृजन सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास सौरभ बाबू की अध्यक्षता में ‘वीबी-जी राम जी’ स्टेट सेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), उपायुक्त श्रम रोजगार और मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान प्रमुख सचिव सौरभ बाबू ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित किए जाएं। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए समय से मस्टर रोल निर्गत करने और श्रमिकों को तत्काल काम उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
गौरतलब है कि खेती के व्यस्त सीजन को देखते हुए 1 से 20 नवंबर तक कार्यों के लिए लागू निलंबन अवधि समाप्त हो गई है। अब 21 नवंबर से प्रदेश भर में नए कार्य शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। इसके तहत तालाब खुदाई, खेल मैदान, अन्नपूर्णा भवन निर्माण और जल संरक्षण समेत कुल 375 अनुमन्य कार्यों को गति दी जाएगी।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए शासन ने कड़े कदम उठाए हैं।
इस समीक्षा बैठक में मुख्यालय से आयुक्त ग्राम्य विकास प्रमोद कुमार उपाध्याय, अपर आयुक्त नेहा बंधु, विशेष सचिव मनोज सिंह तथा संयुक्त आयुक्त नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जनमेजय शुक्ला व दिग्विजय नाथ पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



