उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

गोरखपुर में छात्र की मौत से गरमाई सियासत, सीएम योगी ने परिजनों से की मुलाकात, बोले- दोषियों को चुकानी होगी कीमत

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) की पीडीए रथ यात्रा और रोड शो के दौरान कथित तौर पर वाहन से कुचलकर मारे गए 14 वर्षीय छात्र के परिजनों से मुलाकात की और घटना पर दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने इस घटना के लिए सपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि स्कूल से लौट रहे हाईस्कूल के छात्र को पहले जेसीबी से ठोकर लगी और फिर कथित तौर पर जबरदस्ती वाहन चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी गई।

उन्होंने परिजनों से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, ”सपा के गुंडों ने जिस तरह एक मासूम बच्चे की निर्मम हत्या की है, वह अक्षम्य है। जिसने भी यह हिमाकत की है, उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।” आदित्यनाथ ने कहा कि गुंडागर्दी, अराजकता और उद्दंडता सपा का इतिहास रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मुखिया और उनके समर्थकों की हरकतों से शर्म भी शर्मसार हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें चलने के लिए हैं, अराजकता फैलाने के लिए नहीं और उत्तर प्रदेश में इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार से था मृतक का संबंध

आदित्यनाथ ने बताया कि मृतक बालक चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार का सदस्य था। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और जेल की यातनाएं सहीं उसके मासूम बच्चे के साथ ऐसी घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन को कानून के दायरे में रहकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं और घटना के लिए जिम्मेदार प्रत्येक व्यक्ति की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी सरकार उसके साथ खड़ी है। इस दौरान गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे।

आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का मिला भरोसा

मृतक के फूफा अखिलेश चंद ने बताया कि मुख्यमंत्री ने परिवार को आश्वासन दिया है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मामले की गहन जांच कराने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है। अखिलेश चंद के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने परिवार से कहा कि वे किसी भी समय उनसे संपर्क कर सकते हैं और दोषियों को न्याय के कठघरे में लाकर सजा दिलाई जाएगी।

गोरखपुर में बुधवार को कथित रूप से अखिलेश यादव की ‘पीडीए यात्रा’ में चल रही जेसीबी से कुचलकर एक स्थानीय भाजपा नेता के 14 वर्षीय बेटे की मौत हो गई थी। आदित्यनाथ ने इस मौत के लिए सपा के कार्यक्रम को जिम्मेदार ठहराया, जबकि यादव ने भाजपा पर ‘एक त्रासदी का राजनीतिकरण करने’ का आरोप लगाया है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button