“बार बार ताल ठोकने से अच्छा है.. एक बार मुकाबला हो ही जाए”, सीएम योगी ने अखिलेश यादव को ललकारा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर से एलान कर दिया कि वो अयोध्या में अखिलेश यादव का सामना करने को तैयार हैं। योगी ने कहा कि अखिलेश में हिम्मत है तो अयोध्या से पर्चा भरें, उसके बाद वो भी अयोध्या से मैदान में उतरेंगे, पता लग जाएगा कौन कितने पानी में है। योगी ने कहा कि सनातनी तो हर वक्त राम नाम का जाप करता है, लेकिन राक्षसों को राम का नाम अन्तिम वक्त में ही याद आता है।
सीएम योगी ने सपा पर क्या आरोप लगाया?
सीएम योगी आज यूपी की पहली Forestry and Horticulture यूनिवर्सिटी का भूमि पूजन करने पहुंचे थे। इस मौके पर योगी ने करीब आठ हजार करोड़ की योजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया और इसके बाद योगी ने अखिलेश यादव से हिसाब बराबर किया। योगी ने कहा कि यूपी में ये यूनिवर्सिटी पहले भी बन सकती थी, लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार का फोकस साइंटिस्ट पैदा करने पर नहीं, माफिया पैदा करने पर था। उस वक्त तो वन माफिया, खनन माफिया और कैटल माफिया ही सरकार चलाते थे।
योगी ने क्यों कहा-आगे जो होगा दुनिया देखेगी?
योगी ने कहा अब चुनाव करीब आ गया है तो अखिलेश यादव बड़े बड़े वादे कर रहे हैं। लेकिन उनके दावों और वादों की हकीकत सब जानते हैं। इसके बाद योगी ने अखिलेश की चुनौती का जिक्र किया।अखिलेश ने योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी, इस पर योगी ने कहा कि वो इसके लिए तैयार हैं।बार बार ताल ठोकने से अच्छा है.. एक बार मुकाबला हो ही जाए। अखिलेश अयोध्या से पर्चा दाखिल कर दें, फिर वो भी फॉर्म भर देंगे और आगे जो होगा पूरी दुनिया देखेगी।
ओवैसी और निषाद के लिए क्या कहा?
योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश के राम नाम लेने की तुलना सोने के मृग मारीच से कर दी, जो सीता माता को लुभाने आया था। योगी ने लगे हाथ ओवैसी का भी हिसाब कर दिया और इशारों इशारों में निषाद को भी याद दिला दिया कि दो नावों की सवारी खतरनाक हो सकती है। बता दें कि कुछ दिन पहले संजय निषाद अपनी ही सरकार खिलाफ धरने पर बैठे थे। इसके बाद चर्चा ये चल रही है कि संजय निषाद समाजवादी पार्टी के साथ संपर्क में हैं,इसीलिए आज योगी ने उन्हें समझा दिया कि दो नावों की सवारी खतरनाक हो सकती है।



