
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास के पासपोर्ट को लेकर विदेश मंत्रालय ने कार्रवाई की है। पासपोर्ट आवेदन में जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी में कथित विसंगति सामने आने के बाद चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मंत्रालय ने सौरव दास से 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। साथ ही, स्पष्टीकरण दाखिल करने तक उन्हें अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
बुधवार को विदेश मंत्रालय की प्रेस ब्रीफिंग के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर 23 नवंबर को सौरव दास को नोटिस जारी किया गया था। इसमें जन्मस्थान से संबंधित जानकारी को लेकर सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जायसवाल ने कहा कि नोटिस में यह भी निर्देश दिया गया है कि जवाब देने तक वह अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल न करें।
जन्मस्थान की जानकारी पर उठे सवाल
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि पासपोर्ट आवेदन करते समय आवेदक के लिए सभी जानकारियां सही देना अनिवार्य है। यदि आवेदन में किसी तरह की विसंगति सामने आती है या अधिकारियों को जानकारी छिपाए जाने के तथ्य मिलते हैं, तो संबंधित व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है। इसके जरिए उसे अपना पक्ष रखने और स्पष्टीकरण देने का अवसर मिलता है।
इसी प्रक्रिया के तहत सौरव दास को 7 दिनों का समय दिया गया है। अब उनके जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रूस के विदेश मंत्री से हुई बातचीत
प्रेस ब्रीफिंग में रणधीर जायसवाल ने भारत और रूस के संबंधों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत के विदेश मंत्री ने रूस के विदेश मंत्री से फोन पर बातचीत की है। पिछले कुछ सप्ताहों में दोनों देशों के बीच विभिन्न स्तरों पर संवाद हुआ है। इसमें द्विपक्षीय संबंधों के साथ क्षेत्रीय, वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की गई।
भारत-चीन के बीच सीमा पर बातचीत जारी
भारत और चीन के संबंधों पर प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों के बीच राजनयिक और सैन्य स्तर पर बातचीत जारी है। हाल ही में वरिष्ठ सैन्य कमांडरों ने पूर्वी क्षेत्र में बैठक की। इसका मुख्य उद्देश्य वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाना और लंबित मुद्दों का समाधान करना है। भारत की प्राथमिकता सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखना है।
अमेरिका से इस साल 1700 भारतीय नागरिक निर्वासित
अमेरिका से भारतीय नागरिकों के निर्वासन के मुद्दे पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत अवैध प्रवासन के खिलाफ है और इस मामले में अमेरिकी प्रशासन के साथ सहयोग करता है। प्रवक्ता ने बताया कि किसी व्यक्ति को भारत भेजे जाने की सूचना मिलने पर पहले उसकी राष्ट्रीयता की पुष्टि की जाती है। सत्यापन में भारतीय नागरिक होने की पुष्टि के बाद उसे वापस लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस साल की शुरुआत से अब तक अमेरिका से करीब 1,700 भारतीय नागरिकों को निर्वासित किया जा चुका है।
(इनपुट- IANS)



