मनोरंजन

दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट पर भी विवाद, कॉन्ट्रोवर्शियल गानों पर बैन की मांग, चंडीगढ़ के प्रोफेसर ने दर्ज कराई शिकायत

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। दिलजीत दोसांझ ने 30 अक्टूबर को दिल्ली से अपने कॉन्सर्ट की शुरुआत की और 15 नवंबर को इंदौर में उनका कॉन्सर्ट आयोजित हुआ। दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले जिले के बाल संरक्षण अधिकारी ने आयोजकों को नोटिस जारी करते हुए नशा और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले सॉन्ग्स न गाने की मांग की थी और अब 21 नवंबर को अहमदाबाद में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। कॉन्सर्ट से ठीक एक दिन पहले, चंडीगढ़ के प्रोफेसर और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पंडितराव धरेनावर अहमदाबाद पहुंचे और गायक के शो के कंटेंट को लेकर मोटेरा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दूसरी बार दिलजीत के कॉन्सर्ट को लेकर बार-बार मिल बम धमाके की धमकियां मिल रही हैं, जिसको देखते हुए, अहमदाबाद पुलिस ने स्टेडियम और उसके आसपास के इलाकों में 1,300 से अधिक जवानों को तैनात करके सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

चंडीगढ़ के प्रोफेसर ने दर्ज कराई शिकायत

दिलजीत दोसांझ 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म करने वाले हैं। इस बीच चंडीगढ़ के एक सरकारी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर और सामाजिक कार्यकर्ता, डॉ. पंडितराव धरेनावर, ने अहमदाबाद जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) को पत्र लिखा था, जिसके बाद उनकी शिकायत पुलिस कमिश्नर कार्यालय के माध्यम से मोटेरा पुलिस स्टेशन भेज दी गई। गुरुवार शाम को मोटेरा पुलिस ने उनका आधिकारिक बयान दर्ज किया। हालांकि, अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई है।

प्रोफेसर की मुख्य आपत्तियां और मांगें

प्रोफेसर ने दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में नशा और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों को शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने की अपील की है कि शो का प्रदर्शन तय दिशा-निर्देशों और पाबंदियों के अनुरूप हो। उन्होंने अपनी शिकायत में शराब, ड्रग्स और हथियारों को बढ़ावा देने वाले कुछ गानों पर रोक की मांग की है। इनमें ‘पटियाला पैग’ और ‘5 तारा’ समेत चार गाने शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पगड़ी पहनकर ऐसे गाने गाना धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने दिलजीत के बुलेट बेल्ट के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है और सिंगर से स्टेज कॉस्ट्यूम के हिस्से के रूप में बुलेट बेल्ट न पहनने का आग्रह किया है। उनका तर्क है कि इससे ‘गन कल्चर’ को बढ़ावा मिलता है।

बच्चों को स्टेज पर बुलाने से रोक की मांग

प्रोफेसर ने यह भी मांग की है कि कॉन्सर्ट के दौरान बच्चों को स्टेज पर न बुलाया जाए। उनका तर्क है कि 120 डेसिबल से ज्यादा तेज आवाज और लेजर लाइटें बच्चों की सुनने की क्षमता और आंखों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। धारेनावर ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के 2019 के एक आदेश का जिक्र करते हुए कहा कि इसके दिशा-निर्देश पूरे देश में लागू होने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर शो के दौरान इन शर्तों का उल्लंघन होता है, तो वे गुजरात हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। गौरतलब है कि उनकी पिछली शिकायत के बाद, दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट में इन चार गानों को गाने पर रोक लगाने का नोटिस भी जारी किया गया था।

कॉन्सर्ट के लिए सुरक्षा इंतजाम

दूसरी तरफ कॉन्सर्ट से पहले सोशल मीडिया और ईमेल के जरिए मिली बम की धमकियों के बाद, अहमदाबाद पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। स्टेडियम के बाहर की सड़कों से लेकर अंदर स्टेज एरिया तक, 1,300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेज के पास वाले स्टैंडिंग एरिया में भी अतिरिक्त पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमें इवेंट शुरू होने से लेकर खत्म होने तक पार्किंग एरिया, एंट्री गेट और पूरे स्टेडियम परिसर की लगातार जांच करेंगी।

पूरे इलाके में ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी

पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन और CCTV कैमरों के जरिए की जा रही है। वहीं, साइबर क्राइम सेल धमकी भरे ईमेल और संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर रख रही है। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी और ‘SHE टीम’: मोबाइल फोन चोरी और टिकट की कालाबाजारी रोकने के लिए भीड़ के बीच सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, ‘SHE टीम’ नाम की एक विशेष महिला पुलिस यूनिट भी सादे कपड़ों में पूरे वेन्यू पर गश्त करेगी। सुरक्षा कारणों से, दर्शकों को स्टेडियम के अंदर केवल मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति होगी। बैग, पावर बैंक, पानी की बोतलें, होर्डिंग और छड़ें (डंडे) ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button