उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

CM योगी से मिले विनोद तावड़े, 2027 की रणनीति पर मंथन; बोले- तीसरी बार यूपी में बनेगी NDA सरकार

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ चुनावी रणनीति को बूथ स्तर तक पहुंचाने की कवायद के बीच भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। तावड़े ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग पहुंचकर योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संगठन, सरकार और आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश ईश्वरभाई पटेल भी मौजूद रहे।

तावड़े बोले- यूपी की रफ्तार रहेगी बरकरार

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि “यूपी की रफ्तार रहेगी बरकरार, तीसरी बार बनेगी एनडीए सरकार।” उन्होंने बताया कि लखनऊ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक से संगठन, सरकार और चुनाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में पार्टी का हर कार्यकर्ता 2027 में फिर एनडीए सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर फोकस

उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने के बाद विनोद तावड़े का यह पहला लखनऊ दौरा है। इससे पहले शनिवार को उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। पार्टी की कोशिश सरकार की उपलब्धियों को संगठन के जरिए जमीनी स्तर तक पहुंचाने की है।

अखिलेश के PDA पर भी साधा था निशाना

लखनऊ पहुंचने के बाद तावड़े ने भाजपा की चुनावी तैयारियों को लेकर कहा था कि पार्टी और एनडीए का प्रत्येक कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगा और जीत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद पार्टी अगले पांच वर्षों तक प्रदेश की जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ को लेकर भी निशाना साधा था। तावड़े ने कहा था कि भाजपा अखिलेश यादव के पीडीए को नाकाम करेगी और इसकी व्याख्या ‘पराया धन अपना’ के रूप में की थी।

सरकार की उपलब्धियों और संगठन की ताकत पर भरोसा

तावड़े ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने कहा कि विकास और संगठन की ताकत के आधार पर भाजपा 2027 में एक बार फिर एनडीए सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने तावड़े का स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय और प्रदेश कार्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

18 अगस्त को मिली यूपी प्रभारी की जिम्मेदारी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 18 अगस्त को विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया था। वहीं जगदीश ईश्वरभाई पटेल को प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। तावड़े भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद हैं। इससे पहले वह हरियाणा और बिहार जैसे राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने पार्टी के प्रभारी के तौर पर काम किया था।

2027 से पहले संगठन को चुनावी मोड में लाने की चुनौती

उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने की तैयारी में है। पार्टी की कोशिश सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के जरिए बूथ स्तर तक पहुंचाने के साथ युवाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की है। ऐसे में नए प्रदेश प्रभारी के तौर पर विनोद तावड़े के सामने संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में सक्रिय करने और लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार बनाने के लक्ष्य को जमीन पर उतारने की बड़ी जिम्मेदारी है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button