बड़ी खबरराज्यलखनऊ

यूपी के 100 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर मिलेगा क्यूआर कोड आधारित ऑडियो टूर का आनंद

  • पर्यटकों के एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाने में जुटी योगी सरकार
  • पर्यटन विभाग तैयार करा रहा 100 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर क्यूआर कोड आधारित ऑडियो टूर पोर्टल और सामग्री
  • 10 भारतीय भाषाओं और 5 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में उपलब्ध होंगे ऑडियो टूर
  • सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता को डिजिटल तकनीक के माध्यम से दुनिया भर के पर्यटकों तक पहुंचाने का प्रयास
  • पर्यटकों को 5 से 7 मिनट की आकर्षक ऑडियो कहानियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्थानों की मिलेगी जानकारी
  • इतिहासकार, पुरातत्वविद और सांस्कृतिक विशेषज्ञ सुनिश्चित करेंगे ऑडियो कंटेंट की गुणवत्ता
  • प्रोफेशनल वॉयसओवर कलाकारों द्वारा रिकॉर्ड की जाएंगी ऑडियो कहानियां
  • सुनने में अक्षम पर्यटकों के लिए बहुभाषी सब टाइटिल और उच्च-कंट्रास्ट टेक्स्ट जैसी सुविधाएं भी होंगी उपलब्ध

लखनऊ। योगी सरकार राज्य के पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लगातार अभिनव पहल कर रही है। इसी क्रम में एक और महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग 100 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर QR कोड आधारित ऑडियो टूर पोर्टल और सामग्री विकसित कर रहा है, जो देशी और विदेशी पर्यटकों को एक अनूठा, इन्फॉर्मेटिव और आकर्षक अनुभव प्रदान करेगा। यह कदम राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता को डिजिटल तकनीक के माध्यम से दुनिया भर के पर्यटकों तक पहुंचाने का एक प्रयास है।

ऑडियो टूर के जरिए पर्यटन स्थलों का नया अनुभव ले सकेंगे सैलानी

योगी सरकार की इस पहल का मुख्य आकर्षण क्यूआर कोड आधारित ऑडियो टूर है, जो पर्यटकों को 5 से 7 मिनट की आकर्षक ऑडियो कहानियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्थानों की जानकारी देगा। ये ऑडियो टूर 10 क्षेत्रीय भाषाओं (हिंदी, बंगला, तमिल, तेलुगु, मराठी, गुजराती, अंग्रेजी, कन्नड़, ओडिया और मलयालम) तथा 5 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं (फ्रेंच, स्पेनिश, जर्मन, जापानी और मंदारिन) में उपलब्ध होंगे, ताकि विविध पृष्ठभूमि के पर्यटक इसे आसानी से समझ सकें। प्रोफेशनल वॉयसओवर कलाकारों द्वारा रिकॉर्ड की गई ये ऑडियो कहानियां ऐतिहासिक और सांस्कृतिक तथ्यों को जीवंत करेंगी, जिसमें बैकग्राउंड म्यूजिक और परिवेश ध्वनियां शामिल होंगी। खास बात यह है कि सुनने में अक्षम पर्यटकों के लिए बहुभाषी सब टाइटिल और उच्च-कंट्रास्ट टेक्स्ट जैसी पहुंच सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

100 प्रमुख पर्यटन स्थल होंगे शामिल

यह परियोजना उत्तर प्रदेश के 100 चुनिंदा पर्यटन स्थलों को कवर करेगी, जिनमें प्रयागराज के त्रिवेणी संगम और आनंद भवन, अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि और कनक भवन, वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती, आगरा के ताजमहल, मथुरा-वृंदावन के श्री कृष्ण जन्मभूमि और बांके बिहारी मंदिर और लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा जैसे प्रतिष्ठित स्थान शामिल हैं। इन स्थानों पर मौसम-प्रतिरोधी, स्टेनलेस स्टील पर उकेरे गए क्यू आर कोड लगाए जाएंगे, जिन्हें स्कैन कर पर्यटक ऑडियो टूर तक पहुंच सकेंगे।

डिजिटल तकनीक से मिलेगा पर्यटन को बढ़ावा

योगी आदित्यनाथ सरकार का यह प्रयास डिजिटल तकनीक को अपनाकर पर्यटन को आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। क्यूआर कोड को उत्तर प्रदेश पर्यटन की वेबसाइट और मोबाइल ऐप (एंड्रॉयड और iOS) के साथ एकीकृत किया जाएगा, जिससे पर्यटक आसानी से सामग्री तक पहुंच सकें। ऑफलाइन पहुंच के लिए भी प्रावधान होगा, ताकि कम नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी पर्यटक बिना रुकावट जानकारी प्राप्त कर सकें। सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए, इतिहासकारों, पुरातत्वविदों और सांस्कृतिक विशेषज्ञों (जैसे बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) की एक टीम स्क्रिप्ट की समीक्षा करेगी। यह सुनिश्चित करेगी कि सामग्री ऐतिहासिक रूप से सटीक, सांस्कृतिक रूप से प्रासंगिक और पर्यटकों के लिए आकर्षक हो।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button