
हैदराबाद: तेलंगाना में सीएम रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार ने रमजान के महीने को ध्यान में रखते हुए मुस्लिम कर्मचारियों के लिए विशेष छूट की इजाजत दी है। तेलंगाना की मुख्य सचिव शांति कुमारी द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, सूबे में मुस्लिम कर्मचारियों को रमजान के महीने के दौरान एक घंटे पहले दफ्तर या स्कूल से बाहर निकलने की छूट होगी। सरकारी आदेश में कहा गया है कि यह छूट 2 मार्च से 31 मार्च 2025 तक लागू रहेगी। यह आदेश सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ कॉन्ट्रैक्ट, आउटसोर्सिंग, बोर्ड और पब्लिक सेक्टर के मुस्लिम कर्मचारियों पर भी लागू होगा।
‘4 बजे छुट्टी ले सकेंगे मुस्लिम कर्मचारी’
तेलंगाना की मुख्य सचिव शांति कुमारी द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, ‘राज्य सरकार के कर्मचारी रमजान के दौरान शाम 4 बजे से छुट्टी ले सकेंगे। रमजान के पवित्र महीने में उन्हें शाम 4 बजे कार्यालय या स्कूल छोड़ने की अनुमति होगी। हालांकि सरकार के इस आदेश पर विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी की तरफ से नाराजगी की खबरें भी आई हैं। सरकार के फैसले से नाराज बीजेपी विधायक राजा सिंह ने इस आदेश को तुष्टिकरण की पराकाष्ठा करार देते हुए कहा है कि रेवंत रेड्डी की सरकार ने मुस्लिम कर्मचारियों को रमजान के दौरान जल्दी छुट्टी देने की इजाजत तो दे दी लेकिन हिंदू त्योहारों को नजरअंदाज कर दिया है।
Appeasement politics at its peak!
Telangana govt allows early leave for Ramzan but ignores Hindu festivals.
Equal rights for all, or none. pic.twitter.com/dIMh8bxWFs
— Raja Singh (@TigerRajaSingh) February 18, 2025
‘समानता के अधिकार के विपरीत है आदेश’
बीजेपी विधायक ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुस्लिम कर्मचारियों को जल्द छुट्टी की इजाजत देना और हिंदू त्योहारों को नजरअंदाज करना समानता के अधिकार के विपरीत लगता है। वहीं, एक तरफ जहां कांग्रेस के बड़े नेता इस मुद्दे को नजरअंदाज करते दिख रहे हैं तो कुछ नेता पलटवार करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। विपक्ष के सवालों को दरकिनार करते हुए सरकार रमजान के महीने को लेकर तैयारियों में जुटी है और इसी कड़ी में सरकार के मंत्री और अल्पसंख्यक विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को सचिवालय में बैठक भी की।



