जिलाधिकारी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, अधिक कीमत पर यूरिया बेचने के आरोप में किसान खाद भंडार समेत दो गोदाम सील

आर के भट्ट
कुशीनगर।
किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया बिक्री की शिकायत मिलने पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जटहां बाजार (विशुनपुरा) स्थित एक उर्वरक प्रतिष्ठान एवं उससे संबंधित दो गोदामों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान कुल 459 बोरी यूरिया बरामद हुई, जिन्हें प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, किसानों द्वारा यूरिया की कालाबाजारी और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक निबंधक एवं सहायक आयुक्त सहकारिता तथा जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने जटहां बाजार स्थित किसान खाद भंडार पर छापेमारी की।
जांच के दौरान प्रतिष्ठान पर किसानों को निर्धारित मूल्य से अधिक, लगभग 300 रुपये प्रति बोरी की दर से यूरिया बेचने के आरोपों की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान के साथ उससे संबंधित दो गोदामों को सील कर दिया। निरीक्षण में गोदामों में कुल 459 बोरी यूरिया का स्टॉक पाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से उर्वरक कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं किसानों ने कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



