गोपनीय सूचना पर छापेमारी, कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक के सरकारी आवास से भारी मात्रा में दवाएं बरामद
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक पर निजी प्रैक्टिस का आरोप, जांच शुरू

आर के भट्ट
कुशीनगर।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर मंगलवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने एक सरकारी आवास पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में तैनात डॉ. दीन मुहम्मद के सरकारी आवास से भारी मात्रा में दवाएं बरामद की गईं। साथ ही चिकित्सक पर निजी प्रैक्टिस किए जाने के आरोपों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी पडरौना आशुतोष, क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह, राजस्व विभाग के अधिकारी योगेंद्र गुप्ता तथा औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) की टीम ने सरकारी आवास पर अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान आवास पर मरीजों की मौजूदगी और उपचार संबंधी गतिविधियां मिलने पर अधिकारियों ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी।
मौके से बरामद दवाओं के सत्यापन और जांच के लिए जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को भी बुलाया गया। अधिकारियों ने दवाओं के भंडारण, उपयोग और वैधता से संबंधित अभिलेखों की जांच की तथा आवश्यक जानकारी जुटाई।
सूत्रों के अनुसार संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध निजी प्रैक्टिस किए जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। गोपनीय सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
अंतिम सूचना मिलने तक ड्रग इंस्पेक्टर की टीम मौके पर मौजूद रहकर बरामद दवाओं की सूची तैयार करने और आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई में जुटी रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है।
