अन्य
शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित। रिपोर्टर – सरताज आलम!
ख्वाजा एक्सप्रेस दैनिक समाचार पत्र पोर्टल यूट्यूब चैनल - शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। स्थानीय शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लोअर हॉल में "सेवा संकल्प अभियान" के अन्तर्गत सोमवार को मतदाता जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शोहरतगढ़ के उपजिलाधिकारी रवीश कुमार गुप्ता रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मतदान की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए EPIC कार्ड एवं SIR के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने निर्वाचन से संबंधित फॉर्म 6, 7 और 8 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फॉर्म 6 नये मतदाता पंजीकरण हेतु, फॉर्म 7 किसी नाम को मतदाता सूची से हटाने हेतु और फॉर्म 8 पहले से दर्ज विवरण में सुधार हेतु बताया। वहीं मुख्य अतिथि ने युवाओं को प्रेरित किया कि वे सक्रिय रूप से इन प्रक्रियाओं में भाग लें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में योगदान दें। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो0 अरविन्द कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आवाहन किया कि वे स्वयं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराएं और अपने परिवार एवं पड़ोसियों को भी जागरूक करें। उन्होंने यह भी कहा कि युवा पीढ़ी ही राष्ट्र की दिशा तय करती है, अतः उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के बाद "सड़क सुरक्षा जागरूकता" कार्यक्रम पर निबन्ध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। निबन्ध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सलोनी शर्मा, द्वितीय स्थान सोनी और तृतीय स्थान शालिनी मिश्रा ने प्राप्त किया। तत्पश्चात चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अंशिका कसौधन, द्वितीय स्थान रीना प्रजापति तथा तृतीय स्थान ममता यादव को मिला। अन्त में भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें प्रथम स्थान अनुष्का दीक्षित, द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से अंशिका कसौधन एवं आयुषी सिंह, तथा तृतीय स्थान सत्यनन्दनी ने प्राप्त किया। इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों स्वामी विवेकानन्द एवं रानी लक्ष्मीबाई इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 राम किशोर सिंह, मीडिया प्रभारी डॉ0 धर्मेन्द्र सिंह, मुख्य नियन्ता प्रो0 मुकेश कुमार तथा अन्य संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। संचालन बीएड विभाग के सहायक आचार्य शशि शेखर ने किया। यह आयोजन न केवल लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने में सहायक रहा, बल्कि सड़क सुरक्षा जैसे सामाजिक विषयों पर भी छात्रों को सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान किया।





