देशमनोरंजन

छठ के पवित्र सिंदूर पर टिप्पणी से भड़का विवाद, कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR की मांग, BJP नेता बोले- माताओं-बहनों का अपमान बर्दाश्त नहीं

छठ महापर्व और महिलाओं की धार्मिक आस्था से जुड़ी कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कॉमेडियन यश माहेश्वरी विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में छठ पूजा के पवित्र सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दिल्ली प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा ने कड़ी आपत्ति जताई है। मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा ने कॉमेडियन के खिलाफ दिल्ली पुलिस से शिकायत कर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मनोरंजन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी को भी धार्मिक परंपराओं और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है। बता दें, पहले समय रैना शो को लेकर भी विवाद छिड़ गया था, लंबे विवाद और कानूनी कार्रवाई के बाद ये खत्म हुआ।

दरियागंज थाने में दी शिकायत, डीसीपी से कार्रवाई की मांग

संतोष ओझा ने 25 नवंबर को मोर्चा प्रभारी विपिन बिहारी सिंह और सह प्रभारी ब्रजेश राय के साथ दरियागंज थाने में शिकायत दी। उन्होंने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजवीर सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने और उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। शिकायत में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और उसमें की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही संबंधित डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और जांच में आरोप सही पाए जाने पर यश माहेश्वरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की अपील की गई है।

‘छठ महापर्व बिहार और पूर्वांचल की आत्मा का प्रतीक’

संतोष ओझा ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार और पूरे पूर्वांचल की सांस्कृतिक पहचान, आस्था और गौरव से जुड़ा पर्व है। इस दौरान महिलाएं अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और खुशहाली के लिए कठिन व्रत रखती हैं। ऐसे में सिंदूर जैसी पवित्र सुहाग की निशानी को लेकर अश्लील या आपत्तिजनक टिप्पणी करना करोड़ों महिलाओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी एक क्षेत्र या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान से जुड़ा है। छठ महापर्व में महिलाओं की आस्था और परंपराओं का विशेष महत्व है। इसलिए इस तरह की टिप्पणियों को सामान्य मजाक बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

‘व्यूज के लिए धार्मिक आस्था को निशाना बनाना गलत’

बीजेपी नेता ने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए धार्मिक परंपराओं और महिलाओं के सम्मान को निशाना बनाने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चंद व्यूज और सस्ती लोकप्रियता के लिए संवेदनशील धार्मिक विषयों पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करते हैं। ऐसे लोगों को समझना चाहिए कि देश की सांस्कृतिक आस्था मनोरंजन का विषय नहीं है। ओझा ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की भी एक सीमा और मर्यादा होती है। इसका इस्तेमाल किसी की धार्मिक भावनाओं, सामाजिक प्रतिष्ठा या महिला सम्मान को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति इस मर्यादा का उल्लंघन करता है तो उसे कानून के तहत जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।

‘माताओं-बहनों का सम्मान राजनीतिक नहीं, सांस्कृतिक मुद्दा’

संतोष ओझा ने स्पष्ट किया कि पूर्वांचल की माताओं और बहनों का सम्मान उनके लिए किसी राजनीतिक गतिविधि का हिस्सा नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक अस्मिता का सवाल है। उन्होंने कहा कि छठी मैया में आस्था रखने वाली महिलाओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आवाज उठाना समाज की जिम्मेदारी है। फिलहाल बीजेपी पूर्वांचल मोर्चा की ओर से शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। मामले में दिल्ली पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर सबकी नजरें बनी हुई हैं।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button