देशधर्म-आस्था

विरार : जीवदानी देवी मंदिर में नवरात्रि के लिए अभेद्य सुरक्षा घेरा, 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी

विरार। नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विरार स्थित प्रसिद्ध मां जीवदानी देवी मंदिर में सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर ट्रस्ट ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 100 से ज्यादा निजी सुरक्षाकर्मी, पुलिस बल तथा 200 एनसीसी-एनएसएस विद्यार्थियों को तैनात किया है। ट्रस्ट का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना है।

जीवदानी देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पंकज ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष नवरात्रि उत्सव 15 से 24 तारीख तक मनाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए मंदिर परिसर में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी मंदिर ट्रस्ट के साथ-साथ पुलिस विभाग भी करेगा, जिससे पूरे परिसर पर लगातार नजर रखी जा सके।

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में 100 से अधिक निजी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, हितेंद्र ठाकुर के सहयोग से वीवा कॉलेज के लगभग 200 एनसीसी और एनएसएस विद्यार्थी भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे।

पंकज ठाकुर के अनुसार, जीवदानी पहाड़ पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पुलिस विभाग के 50 से 60 जवान पहाड़ के ऊपर और नीचे सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। पुलिस और सुरक्षा टीमों की निगरानी में श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।

मंदिर प्रशासन ने नवरात्रि के दौरान पूजा-अर्चना का नियमित कार्यक्रम भी निर्धारित किया है। प्रतिदिन सुबह 3:45 बजे अभिषेक, सुबह 5:30 बजे पहली आरती, दोपहर 12 बजे दूसरी आरती और शाम 7:30 बजे तीसरी आरती आयोजित की जाएगी। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण और सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं।

नवरात्रि उत्सव के दौरान पहाड़ के नीचे 10 दिनों तक श्रद्धालुओं को माता रानी का प्रसाद निशुल्क वितरित किया जाएगा। इसके अलावा गर्मी और धूप से बचाव के लिए विभिन्न स्थानों पर शेड लगाए गए हैं तथा पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को दो विकल्प उपलब्ध होंगे। भक्त पारंपरिक सीढ़ियों के रास्ते दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं, जबकि बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फ्यूनिकुलर रेलवे सेवा भी संचालित रहेगी।

नवरात्रि महोत्सव के सफल आयोजन में वसई-विरार शहर महानगरपालिका, पुलिस विभाग, वन विभाग, वीवा कॉलेज तथा अन्य धार्मिक संस्थाओं का सहयोग मिल रहा है। ट्रस्ट ने सभी विभागों के साथ समन्वय बनाते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया है।

जीवदानी देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पंकज ठाकुर ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे माता रानी के दर्शन के लिए शांति और श्रद्धा के साथ आएं, किसी प्रकार की भागदौड़ न करें तथा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट का सहयोग करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से नवरात्रि उत्सव सफल एवं सुरक्षित रूप से संपन्न होगा।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button