
नई दिल्ली: पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से बात की। इस दौरान राष्ट्रपति पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पश्चिम एशिया में हाल की घटनाओं के बारे में जानकारी दी। पीएम मोदी ने यूएस-ईरान के बीच बनी सहमति का स्वागत किया। उन्होंने स्थायी शांति और स्थिरता के लिए लगातार कोशिशें जारी रखने की जरूरत पर जोर दिया। पीएम मोदी एक्स पर एक पोस्ट के जरिए मसूद पेजेश्कियन के साथ बातचीत की जानकारी दी।
पश्चिम एशिया के हालातों पर चर्चा
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री मोदी को पश्चिम एशिया में हाल की घटनाओं और आगे की राह के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएस के साथ बनी सहमति का स्वागत किया। उन्होंने भारत के इस लगातार बने हुए रुख को दोहराया कि सभी मुद्दों को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाया जाना चाहिए। पीएम मोदी ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने, और नेविगेशन (आवाजाही) और व्यापार की आजादी की सुरक्षा के लिए लगातार कोशिशें करने की जरूरत पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने एक्स पर किया पोस्ट
सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने भी पेजेश्कियन के साथ बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, “पश्चिम एशिया में हाल की घटनाओं के बारे में ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेज़ेश्कियन से बातचीत की। बातचीत में हुई प्रगति का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि लगातार प्रयासों से क्षेत्र में स्थायी शांति आएगी। भारत और दुनिया के लिए होर्मुज स्ट्रेट में आवाजाही की आजादी के महत्व को फिर से दोहराया।”
ईरान-अमेरिका के बीच तनाव
बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसे लेकर दोनों देशों के बीच कई बार बैठकें भी की जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद तनाव कम नहीं हो रहा है। इसकी शुरुआत उस समय हुई, जब इजरायल और अमेरिका ने संयुक्त रूप से ईरान पर हमला कर दिया था। हाल ही में दोनों देशों के बीच शांतिवार्ता भी हुई थी। हालांकि दूसरी तरफ इजरायल की ओर से लेबनान पर हमले जारी हैं, जिसे रोकने को लेकर ईरान ने चेतावनी भी दी है।



