देश

‘कुछ कार्यकर्ताओं को गुमराह किया जा रहा है’, अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद तमिलनाडु BJP चीफ का बड़ा बयान

चेन्नई: तमिलनाडु बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने शनिवार को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने के बाद उठ रही चर्चाओं पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को गुमराह किया जा रहा है और यह अफवाह फैलाई जा रही है कि उन्हें इस्तीफा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आशीर्वाद प्राप्त है। नागेंद्रन ने साफ कहा कि बीजेपी में किसी को भी इस्तीफा देने की इजाजत नहीं दी गई है।

‘कुछ लोगों को बहकाने की कोशिश की जा रही’

नागेंद्रन ने चेन्नई में कहा कि अन्नामलाई का इस्तीफा पार्टी ने स्वीकार कर लिया है, लेकिन इसके बाद कुछ लोगों को बहकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बीजेपी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और पार्टी छोड़ने जैसा कदम न उठाएं। उन्होंने कहा, ‘कल अन्नामलाई ने बीजेपी से इस्तीफा दिया और पार्टी ने उसे स्वीकार कर लिया। इसके बाद कुछ लोगों को यह कहकर प्रभावित किया जा रहा है कि उन्हें मोदी जी या अमित शाह जी का समर्थन प्राप्त है और वे भी इस्तीफा दे सकते हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि किसी को भी इस्तीफा देने की इजाजत नहीं दी गई है।’

‘अन्नामलाई के जाने से BJP को कोई नुकसान नहीं’

नागेंद्रन ने आगे कहा कि जो लोग किसी दूसरे आंदोलन या राजनीतिक दल से जुड़ना चाहते हैं, वे बीजेपी के सदस्य नहीं रह सकते। उन्होंने यह भी कहा कि अन्नामलाई के जाने से बीजेपी को कोई नुकसान नहीं हुआ है और पार्टी पूरी मजबूती के साथ काम करती रहेगी। इससे पहले शुक्रवार को भी नागेंद्रन ने कहा था कि अन्नामलाई का पार्टी छोड़ना बीजेपी के लिए कोई बड़ा झटका नहीं है। बता दें कि बीजेपी से इस्तीफा देने के बाद अन्नामलाई ने नई सियासी शुरुआत का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह एक नई पार्टी बनाएंगे और आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी।

‘पार्टी को बता दिया था कि मैं इस्तीफा देने जा रहा हूं’

अन्नामलाई ने कहा, ‘आज हम एक नया आंदोलन शुरू कर रहे हैं। हमारी पार्टी तमिलनाडु के अगले विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगी।’ उन्होंने बताया कि उन्होंने तमिलनाडु चुनाव से पहले ही बीजेपी नेतृत्व को अपने फैसले की जानकारी दे दी थी। उन्होंने कहा, ‘मेरे मन में लगातार यह संघर्ष चल रहा था कि मैं बीजेपी का व्यक्ति हूं या तमिलनाडु का बेटा। मैंने 4 दिसंबर 2025 को पार्टी को बता दिया था कि मैं इस्तीफा देने जा रहा हूं। उस समय पार्टी ने मुझसे कहा था कि पहले चुनाव की जिम्मेदारी पूरी कर लीजिए, उसके बाद यह फैसला लीजिए।’

अन्नामलाई की नई राह से तमिल सियासत में हलचल

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को अन्नामलाई का प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा स्वीकार कर लिया। अपने इस्तीफे के पत्र में अन्नामलाई ने खुद को समर्थन और सहयोग देने के लिए बीजेपी नेतृत्व का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु को लेकर उनकी सोच और पार्टी की सोच में कुछ मतभेद थे, जिसके कारण उन्होंने पार्टी से अलग होने का निर्णय लिया। अन्नामलाई के इस कदम के बाद तमिलनाडु की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है। अब सभी की नजर उनके नए राजनीतिक दल और आगामी विधानसभा चुनाव में उसकी भूमिका पर टिकी हुई है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button