जमीन के लिए हैवान बना बेटा, पिता को सड़क पर घसीटा, फिर ट्रैक्टर से कुचलकर उतारा मौत के घाट

झुंझुनूं: जिले के खेतड़ी उपखंड के मेहाड़ा थाना क्षेत्र स्थित ढोसी गांव में जमीन विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। तीन साल से चल रहे विवाद ने गुरुवार रात खूनी रूप ले लिया, जब एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पिता के साथ मारपीट की, उन्हें घसीटते हुए सड़क तक ले गया और फिर ट्रैक्टर से टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के दामाद की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
जमीनी विवाद को लेकर की मारपीट
मृतक के दामाद राकेश कुमार निवासी बाढड़ा ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि ढोसी निवासी 65 वर्षीय महावीर प्रसाद गुरुवार रात घर पर अकेले थे। उनकी पत्नी रिश्तेदारी में घरड़ाना गई हुई थीं। रात करीब 10:30 बजे महावीर प्रसाद गांव की धर्मशाला के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान उनका बेटा शमशेर सिंह (38) वहां पहुंचा और जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट शुरू कर दी।
घसीटते हुए सड़क पर लाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आसपास मौजूद लोगों ने पिता-पुत्र के बीच झगड़ा छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह अपने पिता को पीटते हुए सड़क तक घसीटकर ले आया।
ट्रैक्टर से मारी टक्कर
मारपीट के बाद आरोपी ने मौके पर खड़े अपने ट्रैक्टर से पिता को जान से मारने की नीयत से जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महावीर प्रसाद को तुरंत खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता से अलग रहता था बेटा
मेहाड़ा थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता और बेटे के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते बेटा अलग रह रहा था। कई बार रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने दोनों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। इसी रंजिश के चलते आरोपी अपने पिता से अलग रह रहा था।
आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
घटना की सूचना मिलते ही मेहाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी शमशेर सिंह को हिरासत में ले लिया है। मृतक के शव का खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हत्या के विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।



