
चंडीगढ़: पंजाब में होनेवाले विधानसभा चुनाव से पहले आज शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बैठक हुई। हाल ही में इन दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन हुआ है। 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। दोनों दलों ने गठबंधन के बाद अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। छह साल के अंतराल के बाद दोनों दलों के फिर से गठबंधन में आने के बाद शनिवार को नेताओं की पहली बैठक SAD अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के आवास पर हुई। माना जा रहा है कि बैठक में सीटों के बंटवारे समेत आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई।
मंगलवार को हुई थी गठबंधन की घोषणा
SAD-BJP ने 2027 की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को गठबंधन की घोषणा की थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया था कि मुख्यमंत्री का पद SAD को मिलेगा, क्योंकि इस गठबंधन में वही ‘बड़े भाई’ की भूमिका में होगा। गठबंधन ने पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
बीजेपी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी नेताओं का एक समूह शनिवार को बैठक के लिए SAD अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के आवास पर पहुंचा। ढिल्लों के अलावा, प्रदेश बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, विधायक अश्वनी शर्मा और पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल सरीन भी मौजूद थे। शिअद नेताओं दलजीत सिंह चीमा और सिकंदर सिंह मलुका ने बादल के आवास पर भाजपा नेताओं का स्वागत किया।
सुनील जाखड़ ने बताया शिष्टाचार भेंट
बीजेपी नेता जाखड़ से संवाददाताओं ने जब बैठक के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट है। उन्होंने साथ ही कहा कि सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। जाखड़ ने इसी के साथ कुछ विधानसभा सीट पर गतिरोध के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कोई समस्या नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आठ दिसंबर को मोगा आएंगे। भाजपा-शिअद गठबंधन के फिर से बहाल होने के बाद, मोगा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की पहली रैली आठ दिसंबर को होगी जिसे प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे।
SAD ने परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया
SAD के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को अपनी पार्टी का समर्थन देने की घोषणा की। SAD ने यह घोषणा पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी के साथ छह साल के अंतराल के बाद फिर से गठबंधन करने के कुछ दिनों बाद की है। बादल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”अकाली दल का रुख बिल्कुल साफ है कि हम महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करते हैं और परिसीमन के जो फॉर्मूले सामने आए हैं, हम उनका भी समर्थन करते हैं।” वहीं, भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने परिसीमन विधेयक पर कांग्रेस के रुख की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस का पूरा ध्यान केवल अपने ‘राजनीतिक मंसूबों’ को पूरा करने पर है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि कांग्रेस के अपने सहयोगी दल ही उसे छोड़कर जा रहे हैं



