पंजाबराज्य

पंजाब सरकार ने औद्योगिक केंद्रों के निकट विश्वस्तरीय परीक्षण सुविधाएं स्थापित करने के लिए नेशनल टेस्ट हाउस के साथ मिलाया हाथ: अमन अरोड़ा

चंडीगढ़, 30 अगस्त:

पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने बताया कि राज्य के औद्योगिक इकोसिस्टम और इसकी वैश्विक क्षमताओं को बड़ा प्रोत्साहन देने के लिए पंजाब सरकार ने विश्वस्तरीय परीक्षण एवं प्रमाणन सुविधाएं राज्य के औद्योगिक केंद्रों के निकट उपलब्ध करवाने के लिए नेशनल टेस्ट हाउस (एनटीएच) के साथ साझेदारी की है। यह साझेदारी अनुपालन लागत तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के निर्माण में लगने वाले समय को कम करने के साथ-साथ एमएसएमईज और निर्यातकों के लिए बेहतर लाभ सुनिश्चित करने में सहायक होगी।

पंजाब सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग और एनटीएच के बीच यह साझेदारी बेंगलुरु में एनटीएच के 115वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान की गई। समझौते के दस्तावेज उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के निदेशक श्री जसप्रीत सिंह और एनटीएच के महानिदेशक डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव के बीच आदान-प्रदान किए गए।

इस साझेदारी का स्वागत करते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा, “पंजाब के एमएसएमईज और निर्यातक गुणवत्ता के माध्यम से वैश्विक बाजारों तक पहुंच बना सकते हैं। हमारे औद्योगिक क्लस्टरों के निकट उन्नत परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाकर हम स्थानीय उद्यमों को उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ाने, नियमों के अनुपालन से जुड़ी लागत कम करने और वैश्विक स्तर पर अधिक आत्मविश्वास के साथ प्रतिस्पर्धा करने में मदद करेंगे।”

इस समझौते के तहत नॉर्थर्न इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (एनआईआईएफटी), जालंधर में एक अत्याधुनिक एनटीएच लैब स्थापित की जाएगी, जो लुधियाना, अमृतसर और जालंधर के औद्योगिक केंद्रों को सेवाएं प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा खेल सामग्री, टेक्सटाइल, चमड़ा, हैंड टूल्स, ऑटो कंपोनेंट्स और फूड प्रोसेसिंग सहित प्रमुख क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करेगी।

उद्योग मंत्री ने कहा कि एनटीएच, जो उपभोक्ता मामले मंत्रालय के अधीन कार्य करता है, ने ड्रोन प्रमाणन, ईवी बैटरी परीक्षण और ऑर्गेनिक फूड टेस्टिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में भी अपनी विशेषज्ञता का विस्तार किया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परीक्षण करने की इसकी क्षमताएं पंजाब की विनिर्माण प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य में एक मजबूत परीक्षण इकोसिस्टम विकसित करने संबंधी पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि इस पहल से अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुपालन की प्रक्रिया में तेजी आएगी और निर्यात-उन्मुख विनिर्माण इकाइयों तथा एमएसएमईज को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने में सहायता मिलेगी।

श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि औद्योगिक क्लस्टरों के निकट अत्याधुनिक परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाना बेहद लाभकारी साबित होगा। इससे उत्पादों के निर्माण में लगने वाले समय को कम करने और गुणवत्ता में और सुधार करने में मदद मिलेगी। यह साझेदारी एनटीएच की तकनीकी विशेषज्ञता और पंजाब की विनिर्माण क्षमताओं के बीच प्रभावी तालमेल स्थापित करेगी, जिससे राज्य वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी विनिर्माण के लिए एक पसंदीदा केंद्र के रूप में उभरेगा।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button