घर पर रहकर की पढ़ाई, NEET में हासिल की शानदार सफलता — लार के हसीब एजाज ने आल इंडिया में पाया 22202वां स्थान

दिलीप भारती
लार/देवरिया। सपनों को उड़ान देने के लिए सिर्फ कोचिंग संस्थान नहीं, बल्कि समर्पण और आत्मविश्वास की जरूरत होती है। यह साबित कर दिखाया है लार कस्बा के इंदिरा नगर वार्ड निवासी हसीब एजाज ने, जिन्होंने बिना किसी बड़े कोचिंग संस्थान की मदद के, घर पर रहकर NEET परीक्षा में शानदार 532 अंक अर्जित किए और ऑल इंडिया में 22202वीं रैंक हासिल कर क्वालीफाई किया।
हसीब एजाज, अमृत पब्लिक स्कूल मऊ के छात्र रहे हैं। उन्होंने हाईस्कूल में 82% और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 93% अंक प्राप्त कर शैक्षिक उत्कृष्टता की मिसाल पहले ही पेश कर दी थी। NEET की तैयारी उन्होंने अपने शिक्षक पिता एजाजुल हक के साथ रहकर की। उनके पिता मऊ जिले के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं और पढ़ाई के दौरान उन्होंने बेटे को न केवल मार्गदर्शन दिया, बल्कि हर स्तर पर हौसला भी बढ़ाया।
हसीब ने बताया कि उसने शुरुआत से ही अपना लक्ष्य तय कर लिया था और इंटरनेट, पुराने प्रश्नपत्रों तथा NCERT की पुस्तकों के जरिए निरंतर अभ्यास करते हुए खुद को तैयार किया। उन्होंने बताया कि दृढ़ निश्चय, टाइम टेबल और आत्मसंयम ही उनकी सफलता की कुंजी रहे।
हसीब की इस ऐतिहासिक सफलता पर परिवार और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। उन्हें बधाई देने वालों में पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश यादव, अजहर लारी, अशोक यादव टूना, महफूज लारी, शिक्षक शिशिर राय, देवेंद्र यादव सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।



