
चंडीगढ़, 24 अप्रैल:
पंजाब सरकार ने विदेशों में बसे पंजाबियों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महीने में दो एनआरआई बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया है।
आज यहां पंजाब सिविल सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक के उपरांत यह जानकारी देते हुए एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि हर महीने के दूसरे बुधवार को ऑनलाइन बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि महीने में एक बार डिवीजन स्तर पर भौतिक/ फिजिकल बैठक होगी।
एनआरआई मंत्री ने बताया कि ये बैठकें मालवा-1, मालवा-2, माझा और दोआबा डिवीजनों के अनुसार आयोजित की जाएंगी, ताकि हर क्षेत्र के एनआरआई पंजाबी अपनी समस्याएं दर्ज करवा सकें और उनका समाधान प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बैठक के लिए आवेदन निर्धारित तिथि से तीन दिन पहले तक स्वीकार किए जाएंगे और बैठक वाले दिन ही उनका निपटारा किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य एनआरआई पंजाबियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर एनआरआई मामलों के सचिव श्री वी.एन. जाडे, जालंधर के डिविजनल कमिश्नर एवं सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सचिव श्री रामवीर, विशेष सचिव एनआरआई मामले श्रीमती अमनदीप कौर, एडीजीपी एनआरआई मामले श्री आर.के. जैसवाल तथा एआईजी श्री अजिंदर सिंह भी उपस्थित थे।



