कार्तिक पूर्णिमा : लखनऊ के अहिनिवार धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, चंद्र सरोवर में स्नान कर लाखों श्रद्धालुओं ने की सर्प देवता की पूजा

अहिनिवार धाम का कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाला मेला मंगलवार को सम्पन्न हुआ। इस मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने अहिनिवार धाम पहुंचकर चंद्र सरोवर में डुबकी लगाई, तत्पश्चात सर्प देवता की पूजा की। इस मेले में एक दिन पहले से ही व्यापारियों और श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। त्रिवेणी व इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेन से भी काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ, पीएसी और पुलिस बल तैनात
निगोहां कस्बे से महज 5 किमी की दूरी पर अहिनिवार तक जाने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जिससे कहीं-कहीं जाम की स्थिति भी बनी रही। चंद्र सरोवर घाट से लेकर पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस मुस्तैद दिखी। एसीपी मोहनलालगंज आर के सिंह भी टीम के साथ भ्रमण करते नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसडीआरएफ की टीम भी चंद्र सरोवर में मुस्तैद रही। फायर ब्रिगेड, पीएसी बल के साथ एसओ निगोहां रविन्द्र कुमार कनौजिया अपनी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।
राजा नहुष के उद्धार और चंद्र सरोवर की पौराणिक मान्यता
बताते हैं कि यहाँ के चंद्र सरोवर का विशेष महत्व है। इस धाम में नरक चतुर्दशी व कार्तिक पूर्णिमा को सदियों से मेला लगता आ रहा है। यहीं पर सर्प योनि से राजा नहुष का उद्धार हुआ था। कहते हैं कि पितरों का श्राद्ध करने गया (बिहार) जाने वाले लोगों को सबसे पहले इसी सरोवर में स्नान करना पड़ता है। यहां राजा नहुष का मंदिर होने के साथ चंद्र सरोवर बना है। मान्यता है कि इसी सरोवर पर राजा नहुष का सर्प योनि से उद्धार हुआ था।



