काशी तमिल संगमम् 5.0 : उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति ने की CM योगी के नेतृत्व की सराहना, कहा- GDP में UP का बड़ा योगदान

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में केवल भव्य राम मंदिर का निर्माण ही नहीं हुआ, बल्कि यहां रामराज्य भी स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की गलियों में महिलाएं निर्भय होकर आ-जा सकती हैं। पतन की स्थिति से निकलकर उत्तर प्रदेश शिखर पर पहुंचा है और देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
उपराष्ट्रपति शनिवार को वाराणसी में आयोजित ‘काशी तमिल संगमम् 5.0’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की जीडीपी में उत्तर प्रदेश का योगदान नौ प्रतिशत है। प्रदेश वर्ष 2029 की निर्धारित समयसीमा से पहले ही एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

सीएम योगी से 20 साल से अधिक पुराना है नाता
उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों का नाता 20 साल से अधिक पुराना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1998 में जब दोनों संसद में अगल-बगल बैठते थे, तब एक-दूसरे के भाषणों को बड़े स्नेह से सुनते थे। उन्होंने कहा, ”जैसे तमिलनाडु में कामराज थे, वैसे ही आज उत्तर प्रदेश के लिए योगी महाराज विराजमान हैं।” उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री के निमंत्रण पर अयोध्या के भव्य दीपोत्सव और पिछले वर्ष रामेश्वरम में काशी तमिल संगमम् के चौथे संस्करण के समापन समारोह में शामिल होने के अनुभव भी साझा किए।
तिरुवल्लुवर और तिरुक्कुरल को समर्पित है संगमम् का पांचवां संस्करण
सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि काशी तमिल संगमम् का पांचवां संस्करण संत तिरुवल्लुवर और उनके महान ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ को समर्पित है। तिरुक्कुरल केवल तमिल भाषियों की धरोहर नहीं, बल्कि पूरी मानवता की अमानत है।उन्होंने बताया कि चेन्नई स्थित केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान के प्रयासों से तिरुक्कुरल का अनुवाद 10 विदेशी भाषाओं समेत कुल 50 भाषाओं में प्रकाशित हुआ है।

उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र में एक कर्मयोगी प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश में विरक्त भगवाधारी योगी के नेतृत्व में तमिल भाषा और तिरुक्कुरल का वैभव विश्व स्तर पर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रूसी भाषा में अनुवादित तिरुक्कुरल भेंट किया।
भाषाएं अनेक, लेकिन राष्ट्रभाव एक
उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्राचीन समय में तमिलनाडु में चेर, चोल, पांड्य, पल्लव और कोंगुनाडु जैसे अलग-अलग राजनीतिक क्षेत्र थे, लेकिन वहां के लोग भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से एकजुट थे। उन्होंने कहा, ”हमारी भाषाएं, पूजा प्रणाली और संस्कृति अनेक हो सकती हैं, लेकिन हमारा चिंतन, सभ्यता और राष्ट्रभाव एक है। आसेतु हिमाचलम्, गंगा से कावेरी और गुजरात से अरुणाचल तक हमारा लक्ष्य एक भारत, श्रेष्ठ भारत है।” उन्होंने लोगों से अपनी मातृभाषा और संस्कृति के साथ-साथ देश की सभी भाषाओं के प्रति सम्मान और स्नेह रखने का आह्वान किया।
1,400 प्रतिभागियों से तमिलनाडु में राष्ट्रीयता को आगे बढ़ाने की अपील
उपराष्ट्रपति ने संगमम् में शामिल हुए करीब 1,400 प्रतिभागियों, विशेषकर युवाओं से बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर तमिलनाडु लौटने और वहां राष्ट्रीयता की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने काशी को दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी बताते हुए कहा कि तमिलनाडु के हर घर में काशी यात्रा और महादेव के दर्शन का सपना होता है। करीब 450 वर्ष पहले नाट्टुकोट्टई के नगरत्तार और सदियों पहले तमिल बुनकर आकर काशी में बसे थे।उन्होंने महाकवि सुब्रमण्यम भारती का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा काशी में बिताया था। काशी के विद्वानों की वाणी को कांची में सुनने के लिए उपकरण की उनकी कल्पना आज साकार हो रही है।



